सपा केंद्रीय कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए जयंत चौधरी ने कहा कि चौधरी चरण सिंह कहते थे कि वे बागपत छोड़ सकते हैं लेकिन आजमगढ़ नहीं। उनका आजमगढ़ से गहरा लगावा है। सपा और रालोद परिवार का रिश्ता काफी पुराना है। विधानसभा चुनाव में आजमगढ़ के लोगों ने सभी दस सीटों पर गठबंधन को ऐतिहासिक जीत दिलाई और अखिलेश यादव को नेता प्रतिपक्ष बनाया। यह उपचुनाव देश की दिशा और दशा को तय करने वाला है इसलिए गठबंधन के प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव की जीत सुनिश्चित करें। गठबंधन की विधानसभा में हार के सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें बहुमत जरूर मिला है लेकिन वोट हमें भी मिला है।
पीएम द्वारा दो साल में दस लाख रोजगार के वादे पर कहा कि आठ साल में कितने रोजगार दिये। 2018 में अर्धसैनिक बल 60 हजार पदों पर भर्ती होनी थी लेकिन 4298 पद आज भी खाली पड़े हैं। तमाम विभागों में इसी तरह रिक्तियां है लेकिन सरकार कर क्या रही है। विभागों में भर्ती निकलती है, परीक्षा होती है और अगले साल रिजल्ट आता है। फिर उसके अगले साल ज्वाइन करने से पहले भर्ती पर रोक लग जाती है। देश और प्रदेश में युवाओं को सिर्फ छला जा रहा है। विभिन्न मुद्दों को लेकर हम 18 जून को सभी जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन करेंगे। अधिकारियों से वार्ता करेंगे। किसान आंदोलन की सफलता के सवाल पर कहा कि किसान आंदोलन पूरी तरह सफल रहा। इस आंदोलन से पूरे देश के किसानों में तालमेल बना। लोग कहते थे कि मोदी मजबूत प्रधानमंत्री है वे झुकना नहीं जानते लेकिन किसानों के आगे उन्हें झुकना पड़ा। कानून वापस हुआ लेकिन मोदी सरकार ने किसानों को फिर छला। उनसे किया हुआ एक वादा पूरा नहीं किया। एमएसपी के लिए अब तक समिति नहीं बनाई गयी। किसानों पर दर्ज मुकदमें वापस नहीं लिए गए। लखीमपुर की घटना शर्मनाक थी लेकिन मंत्री आज तक नहीं हटाए गए।
बुलडोजर की कार्रवाई पर सर्वोच्च न्यायालय के फैसले पर कहा कि कोर्ट ने कानून का पालन करने को कहा है लेकिन यहां सरकार दूसरे के नाम पर दर्ज मकान को भी रातो रात अवैध बनाकर अगले दिन ढहा दी रही है। योगी सरकार नंगा नाच कर रही है। कितना बड़ा दुर्भाग्य है कि देश की सर्वोच्च अदालत को बार बार यह कहना पड़ रहा है कि सरकार कानून का पालन करे। सरकार पर कोर्ट की लताड़ का भी असर नहीं है। सच यह है कि यूपी के लोग निर्माण चाहते है। यहां के लोग उपचुनाव में सरकार को सबक सिखाएंगे। सरकार की अग्निपथ योजना को युवाओं के साथ धोखा करार देते हुए कहा कि सरकार ने बिना सोचे समझे निर्णय लिया है। वह देश की सेना को समाप्त करना चाहती है। आने वाले दिनों में ऐसा ही स्वास्थ्य व शिक्षा के क्षेत्र में होगा। यही सरकार का असली गुजरात माडल है। आज सरकार के खिलाफ पूरे देश का युवा सड़क पर है। इस चुनाव में एक वोट युवा, एक वोट सेना और एक वोट धर्मेंद्र के नाम पर सपा को दीजिए।