आजमगढ़

राहुल गांधी के खिलाफ सड़क पर उतरे भाजपाई, कहा देश से मांगे माफी

राफेल पर क्लीन चिट के बाद राहुल को घेरने में जुटी है भाजपा

आजमगढ़Nov 16, 2019 / 05:00 pm

Akhilesh Tripathi

बीजेपी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन

आजमगढ़. राफेल प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट से मोदी सरकार को क्लीन चिट मिलने के बाद भाजपाई शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ सड़क पर उतर गए। कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पर धरना दिया तथा राहुल गांधी से देश माफी मांगने की अपील की।

भाजपा जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी को पीएम नरेन्द्र मोदी पर लगाए बेबुनियाद एवं शर्मनाक आरोप पर देश से माफी मांगनी चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने विमान खरीद की प्रक्रिया को सही ठहराया है। राफेल इस समय में देश की बड़ी जरुरत है। इस फैसले से कांग्रेस पार्टी व उनके नेता राहुल गांधी सवालों के घेरे में खड़े है कि मात्र वोटों की राजनीति के लिए चुनाव में राफेल का मुद्दा उठाया गया और जनता को धोखा देने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार देश की सीमा सुरक्षा के लिए लगातार सेना को अत्याधुनिक हथियार देकर मनोबल ऊंचा कर रही है और विश्व भर में भारत का डंका बजा रही है। पीएम नरेन्द्र मादी के फैसले से पूरी दुनिया की निगाहें भारत पर है। ऐसे में कांग्रेस पार्टी व उसके नेता राहुल गांधीरकी तरफ से राफेल पर गैरजिम्मेदाराना बयानबाजी कर ओछी मानसिकता का परिचय दिया है। सेना के जवान सीमा सुरक्षा के लिए जैसे तटस्थ वैसे ही भाजपा सरकार उनको अत्याधुनिक हथियारों से लैस कर रही है, ताकि भारत की तरफ कोई आंख उठा कर भी नहीं देख सके।
धरने को सहजानन्द राय क्षेत्रीय महामंत्री, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रेमप्रकाश राय, घनश्याम पटेल, सच्चिदानन्द सिंह, दिवाकर सिंह, दुर्गविजय यादव, अरविन्द जायसवाल आदि ने सम्बोधित किया। इस दौरान जगत नरायन गोंड जिलामहामंत्री, हरिवंश मिश्रा जिला मंत्री, ज्ञानेन्द्र सिंह ज्ञानू, अजय सिंह, डा श्याम नरायन सिंह, ब्रजेश यादव, पवन सिंह मुन्ना, रविशंकर तिवारी, संजय यादव, विवेक सिंह सोनू, रविभूषण विश्वकर्मा, विनय प्रकाश गुप्त, राजीव शुक्ला आदि उपस्थित रहे। संचालन पंकज कौशिक ने किया।
BY- RANVIJAY SINGH
Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.