scriptUP Assembly Election 2022 : अब प्रतिज्ञा यात्रा के जरिये यूपी में मतदाताओं को साधेगी कांग्रेस | Congress will take out Pratigya Yatra before UP assembly election 2022 | Patrika News

UP Assembly Election 2022 : अब प्रतिज्ञा यात्रा के जरिये यूपी में मतदाताओं को साधेगी कांग्रेस

locationआजमगढ़Published: Sep 11, 2021 03:11:32 pm

Submitted by:

Ranvijay Singh

-प्रियंका गांधी ने जिलाध्यक्षों के साथ आनलाइन बैठक कर लिया निर्णय
-यात्रा के दौरान टिकट दावेदारों की तैयारियों को भी परखेगी पार्टी

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
आजमगढ़. UP Assembly Election 2022 यूपी विधानसभा चुनाव में भले ही अभी समय है लेकिन कांग्रेस पूरी तरह चुनावी मोड में आ गयी है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने लखनऊ में पार्टी के सलाहकारों और रणनीति कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक किया। इस बैठक में सभी जिलों के जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष ऑनलाइन शामिल हुए। इसमें चुनाव तैयारियों के साथ ही दावेदारों की तैयारी का भी आकलन करने का फैसला किया गया। इसके लिए पार्टी प्रतिज्ञा यात्रा निकालेगी। इस यात्रा को कांग्रेस ने हम वचन निभाएंगे का नाम दिया है।

बता दें कि पिछले 30 सालों से पूर्वांचल में हाशिए पर पहुंच चुकी कांग्रेस के पास खोने के लिए कुछ नहीं बचा है। एक और चुनावी हार उसकी मुश्किल बढ़ा सकती है। यही वजह है कि पार्टी पूरी तैयारी और ताकत के साथ यूपी विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। पिछले कुछ महीनों से पार्टी के लोग लगातार जनता के बीच हैं। पार्टी जिला से लेकर बूथ तक की कमेटी का गठन कर चुकी है। ग्राम कांग्रेस के गठन का कार्य भी पूरा हो चुका है।

अब पार्टी ने आगे की रणनीति पर काम शुरू किया है। कांग्रेस का मानना है कि यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए यह सही समय है। यही वजह है कि प्रियंका गांधी ने पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद प्रतिज्ञा यात्रा निकालने का फैसला किया है। यह यात्रा पूर्वांचल के सभी जिलों के बड़े कस्बों व गांवों से होकर गुजरेगी। जिले स्तर पर कार्यक्रम की रूपरेखा तय की जा रही है। जिलाध्यक्षों को यात्रा रूट को पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से समझाया जा चुका है।

यात्रा के बहाने पार्टी विधानसभा चुनाव से पहले हर गांव में अपनी विचारधारा से लोगों को जोड़ने की कोशिश में करेगी। यह भी माना जा रहा है कि इस यात्रा के बहाने ही पार्टी के संभावित उम्मीदवारों की जनता के बीच कितनी पैठ है इसका भी आंकलन किया जाएगा। उसके बाद टिकट पर फैसला होगा। जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि यह यात्रा काफी महत्वपूर्ण है। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं। आज प्रदेश में जिस तरह का माहौल है उससे जनता उम्मीद भरी निगाहों से कांग्रेस की तरफ देख रही है। हम आने वाला UP Assembly Election 2022 विधानसभा चुनाव पूरी मजबूती से लड़ेगे और सरकार भी बनाएंगे।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो