scriptक्राइम बुलेटिन….. | crime bulletin... | Patrika News

क्राइम बुलेटिन…..

locationआजमगढ़Published: Apr 17, 2016 08:05:00 pm

Submitted by:

Ashish Shukla

पुलिस लूट के एक आरोपी को गिरफ्तार किया

crime

crime

आजमगढ़. देवगांव कोतवाली पुलिस ने शनिवार की शाम लूट के एक आरोपी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से लूट की बाइक, नगदी व तमंचा बरामद हुआ। 
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में देवगांव पुलिस द्वारा शनिवार को चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। उसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लूट का एक आरोपी चोरी की एक मोटरसाइकिल के साथ आ रहा है। पुलिस ने नरसिंहपुर गांव के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी बड़ेलाल पुत्र राजदेव चौकी दौना गांव का निवासी है। उसके पास से लूट की बाइक, 9500 नकदी, दो मोबाइल फोन व 315 बोर तमंचा बरामद हुआ। 


कार व आटो की टक्कर में चार घायल
 कंधरापुर थाना क्षेत्र के मंदुरी के पास रविवार की अपरान्ह कार व आटोरिक्शा की टक्कर में कार सवार चार लोग घायल हो गये। स्थानीय लोगों की मदद से चारो को जिला अस्पताल लाया गया, जहां एक महिला की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। 
बताते हैं कि रानी की सराय कस्बा निवासी पूनम (38) पत्नी जयप्रकाश तहबरपुर थाना क्षेत्र के नेवादा गांव निवासी घनश्याम (32) पुत्र रामपलट, निजामाबाद थाना क्षेत्र के कोल्ह निवासी यशवंत (20) पुत्र वर्जन यादव तथा सिधारी थाना क्षेत्र के रामभुवन (28) पुत्र काशी बिंद रविवार को अपरान्ह करीब 2 बजे बैगनार कार से कहीं जा रहे थे। अभी वे कंधरापुर थाना क्षेत्र के मंदुरी हवाई पट्टी के पास पहुंचे थे कि सामने से आ रहे आटोरिक्शा से कार की टक्कर हो गयी। इस दुर्घटना में कार सवार चारो गंभीर रुप से घायल हो गये। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पूनम की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। 


सड़क हादसे में पत्नी की मौत, पति घायल
 अतरौलिया थाना क्षेत्र के बांसगांव के पास सड़क हादसे में पत्नी की मौत हो गयी जबकि उसका पति गंभीर रुप से घायल हो गया। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया जबकि घायल का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
कंधरापुर थाना क्षेत्र के स्थानीय कस्बा निवासी नियाज अहमद (50) पुत्र जहीर अपनी पत्नी कुरैशा खान (47) को दवा दिलाने बाइक से रविवार को अतरौलिया गया था। दोपहर करीब 12 बजे दोनों वापस लौट रहे थे। तभी बांसगांव के पास ट्रक ने बाइक में धक्का मार दिया। दुर्घटना में कुरैशा की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि उसका पति नियाज अहमद गंभीर रुप से घायल हो गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार हेतु जिला अस्पताल भेज दिया। 


झुलसी युवती की मौत
 संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसी युवती की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान रविवार को मौत हो गयी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जीयपुर कोतवाली क्षेत्र के कपारगढ़ निवासी शोभा (20) पुत्री रघुपति गुप्ता रविवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में झुलस गयी। परिजनों द्वारा उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उपचार के दौरान पूर्वान्ह 11.30 बजे उसकी मौत हो गयी। परिजनों के अनुसार मृतका अर्द्धविक्षिप्त थी। सुबह करीब 8 बजे शरीर पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा ली थी।


अबूझ हाल में युवक झुलसा
 जहानागंज थाना क्षेत्र के धनहुआ गांव निवासी विजय (36) पुत्र रामलगन शनिवार की रात अबूझ हाल में झुलस गया। परिजनों ने उसे देर रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। 

एक स्थान पर जली दुकान
 जिले में दो स्थानों पर हुई अगलगी की घटनाओं में दुकान व मकान जलकर खाक हो गये। स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका। 
गंभीरपुर थाना क्षेत्र के खोटिहा गांव निवासी बाबूनंदन यादव पुत्र झुरी के कच्चे मकान में रविवार की पूर्वान्ह करीब 10 बजे चूल्हे की चिंगारी से आग लग गयी। जब तक लोग आग पर काबू पाते कि घर में रखी 7 हजार नकदी सहित गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। घटना की जानकारी होने पर क्षेत्रीय लेखपाल सभाजीत मौके पर पहुंचे और क्षति आंकलन किया। इस घटना में लगभग एक लाख की क्षति बतायी गयी है। इसी क्रम में दीदारगंज थाना क्षेत्र के मार्टीनगंज बाजार में सफेदा पेड़ की डाल टूटकर गिरने से विद्युत तार टूट गया और कैलाश पुत्र मोखीलाल यादव के मिष्ठान की दुकान पर जा गिरा। विद्युत तार में हुई स्पार्किंग से दुकान में आग लग गयी। गश्त पर निकले सिपाही महेंद्र यादव के शोर मचाने पर कस्बे के लोग एकत्र हुए और किसी तरह आग पर काबू पाया। इस घटना में लगभग 25 हजार की क्षति बतायी गयी है। 


अचेत अज्ञात युवक अस्पताल में भर्ती 
आजमगढ़. अचेतावस्था में सड़क किनारे पड़े युवक को कंधरापुर थाने के सिपाही रामनाथ ने शनिवार की देर शाम जिला अस्पताल में भर्ती कराया। होश आने पर युवक अस्पताल से चला गया। 25 वर्षीय अज्ञात युवक कौन था और कैसे सड़क किनारे अचेत हुआ इसकी जानकारी नहीं हो सकी। चिकित्सक जहरखुरानी की आशंका जता रहे हैं।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो