scriptदबंगों ने गोली मार की अधेड़ की हत्या, एक की हालत गंभीर | Dabanggs murder of elderly man in azamgarh | Patrika News

दबंगों ने गोली मार की अधेड़ की हत्या, एक की हालत गंभीर

locationआजमगढ़Published: Apr 07, 2019 05:58:59 pm

Submitted by:

Ashish Shukla

दबंगों ने गोली मार की अधेड़ की हत्या, एक की हालत गंभीर भवन निर्माण के दौरान शुरू हुआ था विवाद

up news

दबंगों ने गोली मार की अधेड़ की हत्या, एक की हालत गंभीर

आजमगढ़. देवगांव कोतवाली क्षेत्र के मसीरपुर गांव में छ्ज्जा निकालने को लेकर हुए विवाद में एक पक्ष द्वारा की गयी फायरिंग में अधेड़ की मौत हो गयी। जबकि एक मजदूर घायल हो गया। घायल का उपचार चल रहा है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लाइसेंसी बंदूक को कब्जे में ले लिया है।
देवगांव कोतवाली क्षेत्र के मसीरपुर गांव निवासी अधिवक्ता राणा प्रताप सिंह एवं उनके पड़ोसी शिव मूरत सिंह के बीच काफी दिनों से भूमि विवाद चल रहा है। हाल में उक्त पक्षों में पुराने मकान के छक्के को निकालने को लेकर विवाद शुरू हो गया। मामला पुलिस तक भी पहुंचा था लेकिन स्थानीय कोतवाली एवं पुलिस प्रशासन की लापरवाही के चलते विवाद सुलझा नहीं बल्कि और उलझ गया। रविवार की सुबह शिव मूरत सिंह के पुत्र अनिल सिंह एवं परिवार के कुछ सदस्य एवं पुराने मकान में छज्जा निर्माण के लिए बल्ली लगवा रहे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया।
तभी दूसरे पक्ष ने फायरिंग शुरू कर दी। गोली अनिल सिंह 56 के सीने में लगी। साथ ही एक गोली मौके पर काम कर रहे शिवचंद्र पुत्र राम आधार निवासी ग्राम नई खड़गपुर थाना गम्भीरपुर के पैर में लग गयी।
दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां चिकित्सक ने हालत गंभीर देख दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। दोनों को वाराणसी ले जाया गया जहां चिकित्सक ने अनिल को मृत घोषित कर दिया। घायल मजदूर का उपचार चल रहा है। बताते हैं कि अनिल सिंह मुंबई में बजाज कंपनी में एडवरटाइजिंग मैनेजर के पद पर कार्यरत थे और आज सुबह ही मुंबई से घर आए थे। घटना के बाद से गांव में तनाव है कई थानों की फोर्स मौके पर तैनात कर दी गयी है।
पुलिस ने आरोपी राणा सिंह पुत्र रामपाल सिंह, विजय प्रताप सिंह पुत्र रामपाल सिंह, योगेश सिंह पुत्र वीर बहादुर सिंह व ओम प्रकाश सिंह पुत्र लालजी सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं जिस लाइसेंसी बंदूक से गोली चली थी उसे भी कब्जे में ले लिया गया है।
आरोपी राणा के चाचा विजय बहादुर सिंह ने बताया कि उक्त जमीन पर दीवानी चल रही है और सुबह ही लोग दरवाजे पर आकर गाली गलौज देने लगे। सीओ ने भी आदेश कर रखा था कि जब दीवानी न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है तो आदेश लेकर आए फिर छज्जे का निर्माण करवाएं लेकिन पुलिस विभाग की लापरवाही की वजह से विवाद बढ़ गया। वहीं पीड़ित पक्ष का कहना है कि विपक्षी दबंग किस्म के हैं। वे लगातार उनका उत्पीड़न कर रहे है। आज सुबह ही अनिल घर आये और सोची समझी साजिश के तहत उनकी हत्या कर दी गयी।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो