बताते हैं कि घायल 50 वर्षीय प्रेमचंद मौर्य मूलरूप से मऊ के रहने वाले हैं। उनका मकान आजमगढ़ शहर के निराला नगर मुहल्ले में स्थित है। प्रेमचंद का अपने भाई प्रदीप मौर्य से भूमि के बंटवारे का विवाद चल रहा है। दोनों भाइयों का मऊ में तो बंटवारा हो चुका था, लेकिन आजमगढ़ के मकान का बंटवारा चार पांच दिन पहले हुआ है।
दो दिनों से प्रेमचंद के भाई प्रदीप के दोनों बेटे सुधांशू और दिव्यांशू आए हुए हैं। ये दोनों अपना मकान किसी को किराए पर देने के लिए खोज रहे थे। इसी बीच शुक्रवार की रात करीब नौ बजे प्रेमचंद मौर्य को गोली मार दी गई। गोली उनके दाहिने हाथ में उस समय लगी जिस समय वह अपने मकान का गेट बंद कर रहे थे। घटना के बाद हड़कंप मच गया। परिवार के लोग पुलिस को सूचना देते हुए घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराए। जहां उनका इलाज चल रहा। घायल ने अपने दोनों भतीजों पर गोली मारने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करायी है। पुुलिस मामले की जांच में जुटी है।
शहर कोतवाल डीके श्रीवास्तव ने बताया कि प्रेमचंद मौर्य को गोली मारने के मामले में उन्होंने तहरीर देकर अपने भतीजे सुधांशू और दिव्यांशू को आरोपित किया है। अब तक जांच में यह पूरी घटना संदिग्ध लग रही है। केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जांच करते हुए सच का पता लगाने में जुटी हुई है। जल्द ही खुलासा हो जाएगा। मामले में जो भी दोेषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।