scriptआबकारी सिपाही ने सर्विस रायफल से गोली मार की आत्महत्या | Excise soldier shot and killed by service rifle in Azamgarh | Patrika News

आबकारी सिपाही ने सर्विस रायफल से गोली मार की आत्महत्या

locationआजमगढ़Published: Mar 21, 2021 10:51:41 pm

-वाराणसी में तैनात था सिपाही, छुट्टी लेकर अयोध्या जा रहा था घर
-आत्महत्या का कारण माना जा रहा है मानसिक तनाव, अधिकारी कुछ बोलने को तैयार नहीं

घटनास्थल पर मौजूद पुलिस

घटनास्थल पर मौजूद पुलिस

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
आजमगढ़. वाराणसी से छुट्टी पर घर जा रहे आबकारी सिपाही ने रविवार की रात करीब 8.30 बजे आजमगढ़ रोडवेज परिसर में सर्विस रायफल से गोली मार आत्महत्या कर ली। रोडवेज परिसर में गोली की आवाज से हड़कंप मच गया। लोग जब मौके पर पहुंचे तो खून से लथपथ सिपाही को देख दंग रह गए। आनन फानन उसे जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गयी है।

अयोध्या जनपद के बेनीगंज निवासी अभिषेक कुमार पांडेय (47) पुत्र श्याम नारायण आबकारी विभाग में सिपाही थे। वर्तमान में वह वाराणसी में तैनात थे। रविवार की शाम वह छुट्टी लेकर घर के लिए रवाना हुए। वाराणसी से उन्होंने बस पकड़ी और रात करीब 8.30 बजे आजमगढ़ पहुंच गए। यहां से उन्हें अयोध्या के लिए दूसरी बस पकड़नी थी।

बताते हैं कि अभिषेक रोडवेज परिसर में बस का इंतजार कर रहे थे। उसी दौरान उन्हें न जाने क्या सूझा कि सर्विस रायफल से खुद को गोली मार ली। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े। गोली की आवाज सुनकर रोडवेज परिसर में मौजूद सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए।

मौके पर पहुंचकर उन्होंने खून से लथपथ युवक को देखा तो सन्न रह गए। वहीं गोली की आवाज सुनकर रोडवेज पुलिस चैकी के सिपाही भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद खून से लथपथ सिपाही को जिला अस्पताल भेजा गया जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सूत्रों की माने तो मृत सिपाही मानसिक रूप से तनाव में था। उसके परिवार का पुलिस द्वारा उत्पीड़न किया जा रहा था। बहरहाल पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।

पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह का कहना है कि सिपाही ने सर्विस रायफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं है। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गयी है। वे आजमगढ़ के लिए रवाना हो गए हैं।

BY Ran vijay singh

ट्रेंडिंग वीडियो