script

आपसी विवाद में चली गोली, पिता-पुत्र जख्मी, जिले की क्राइम की अन्य खबरें

locationआजमगढ़Published: Sep 24, 2018 10:53:23 pm

Submitted by:

Akhilesh Tripathi

घायलों की हालत गंभीर, निजी अस्पताल में भर्ती

indian railway crime news

आजमगढ़ क्राइम की खबरें

आजमगढ़. शहर कोतवाली क्षेत्र के उकरौड़ा गांव में रविवार की रात आपसी रंजिश के चलते दो पक्षों के लोग आमने-सामने हो गए। एक पक्ष द्वारा असलहे से की गई फायरिंग के चलते गोली लगने से दूसरे पक्ष के पिता-पुत्र घायल हो गये। जिला अस्पताल से रेफर कर दिए जाने पर घायलों को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शहर कोतवाली क्षेत्र के उकरौड़ा ग्राम निवासी अरुण सिंह उनके विपक्षी के बीच किसी बात को लेकर आपसी रंजिश चल रही है। रविवार की सुबह दोनों पक्षों के बीच कई बार पंचायत और विवाद की स्थिति बनी। मामला शहर कोतवाली तक भी पहुंचा लेकिन दोनों पक्षों के बीच समझौता नहीं हो सका। देर शाम दोनों पक्ष पुनः आपस में भिड़ गए। गांव वालों की मदद से किसी तरह मामला शांत हुआ लेकिन रात करीब दस बजे दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने हो गए। इस दौरान मौके पर की गई फायरिंग के चलते गोली लगने से 55 वर्षीय अरुण सिंह पुत्र कमला सिंह व उनका पुत्र विक्रम सिंह (19) दोनों घायल हो गए। घायल पिता-पुत्र को ईलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। चिकित्सक ने दोनों की हालत गंभीर देख हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। शहर के सिधारी क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में घायल पिता-पुत्र का ईलाज चल रहा है। सोमवार की दोपहर तक इस मामले में शहर कोतवाली में तहरीर नहीं पहुंच सकी थी।
तमंचे के साथ दो अपराधी गिरफ्तार
तहबरपुर थाने की पुलिस ने रविवार की देर शाम क्षेत्र भ्रमण के दौरान बैरमपुर गांव के पास एक व्यक्ति को 315 बोर तमंचा व दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पकड़ा गया अमरदीप यादव उर्फ लोला पुत्र सरखु यादव कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव का निवासी बताया गया है। इसी क्रम में सरायमीर थाने की पुलिस ने रविवार की शाम चेकिंग के दौरान क्षेत्र के कोठिया मोड़ के समीप एक युवक को तमंचा व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पकड़ा गया सूरज कुमार पुत्र रामवृक्ष राम मेंहनगर थाना क्षेत्र के खुटवा चक गांव का निवासी बताया गया है। दोनों के खिलाफ पुलिस ने शस्त्र अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
जहर निगलने से महिला समेत दो अचेत
अज्ञात कारणों से जहर निगल कर अचेत हुई दो महिलाओं को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के लुचुई ग्राम निवासी जीउतबंधन की 30 वर्षीय पत्नी अनीता ने सोमवार की सुबह किसी बात से नाराज होकर विषाक्त पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले गए। चिकित्सक द्वारा रेफर कर दिए जाने पर अचेत महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसी क्रम में निजामाबाद थाना क्षेत्र के बेगपुर महाजित ग्राम निवासी 25 वर्षीय राजा सोनकर ने रविवार की रात अज्ञात कारणों से विषाक्त पदार्थ निगल लिया। गंभीर अवस्था में देर रात परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

झुलसी महिला ने अस्पताल में तोड़ा दम
जिला अस्पताल में लगभग डेढ़ माह पूर्व झुलसी हालत में भर्ती कराई गई बलिया जनपद निवासी महिला ने सोमवार की दोपहर दम तोड़ दिया। वहीं सिधारी थाना क्षेत्र के कटघर बस्ती गांव की रहने वाली 20 वर्षीय विवाहिता सोमवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में झुलस गई। झुलसी महिला का ईलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
बलिया जनपद के नगरा थाना अंतर्गत चंदवार ग्राम निवासी सरन चौहान की 35 वर्षीय पत्नी सरोज देवी बीते 14 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में झुलस गई थी। हालत गंभीर होने पर झुलसी महिला को परिजनों ने मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। उपचाराधीन सरोज देवी ने सोमवार की दोपहर ईलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसी क्रम में सिधारी थाना अंतर्गत कटघर बस्ती ग्राम निवासी सलीम अली की 20 वर्षीय पत्नी सुनीता खातून सोमवार की सुबह अबूझ हाल में झुलस गई। झुलसी विवाहिता को परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

लूट के आरोपी के घर कुर्की की नोटिस चस्पा
रानी की सराय थाना क्षेत्र के कोटिला के पास से पिछले माह हुई लूट के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी के विरूद्व न्यायलय के आदेश पर पुलिस ने घर पर धारा 82की कार्यवाही करते हुए नोटिस चस्पा की। पुलिस की कार्यवाही से हडकम्प मचा रहा।
रानी की सराय कस्बा निवासी शराब कारोबारी संतोष साहू की दुकान पर चचेरा भाई जयभरत कारोबार देखता था। बाइक से 17 जुलाई को पैसा लेकर कोटिला यूनियन बैंक की शाखा में जमा करने जा रहा था। बाइक सवार आठ बदमाशो ने असलहे के बल पर 10 लाख लूट कर फरार हो गये थे। मुख्य मार्ग पर लूट की घटना पुलिस के लिए चुनौती बनी थी। पुलिस ने एक पखवारा बाद घटना का पर्दाफाश करते हुए घटना में शामिल बदमाशो और रूपये को बरामद किया था।
घटना में शामिल संजरपुर थाना सरायमीर निवासी उमैर खान पुत्र शमशाद फरार चल रहा था। न्यायालय के आदेश पर सोमवार को एसओ रानी की सराय शिवशंकर सिंह ने पुलिस बल के साथ धारा 82की नोटिस चस्पा की। एसओ ने कहा की इसके बाद संपत्ति कुर्क की कार्यवाही होगी।
बाइकों की टक्कर में तीन घायल
देवगांव कोतवाली क्षेत्र के अकबरपुर तरफकाजी गांव के समीप सोमवार को अपराह्न 2 बजे दो बाइकों की आमने सामने टक्कर हो गयी। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे आजमगढ़ के लिए रेफर कर दिया गया। जबकि दो अन्य घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
देवगांव कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर दुधरा निवासी मृत्युंजय चौहान बाइक से अपने पिता सोमनाथ चौहान को लेकर एक त्रयोदशाह संस्कार में शामिल होने के लिए लालगंज के चकिया भगवानपुर गांव में जा रहा था। अभी वह आजमगढ़ वाराणसी मुख्य मार्ग पर अकबरपुर तरफकाजी गांव के समीप पहुंचा था कि लालगंज की तरफ से बाइक से घर जा रहे दीपक यादव 17 वर्ष पुत्र राधेश्याम यादव निवासी नाऊपुर की बाइक से सामने से टक्कर हो गई। इस टक्कर में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां सोमनाथ चौहान की स्थिति गंभीर देख डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
BY- RANVIJAY SINGH

ट्रेंडिंग वीडियो