scriptससुराल में रह रहे युवक की संदिग्ध मौत, घटना की रात आम के बाग की रखवाली कर रहा था मृतक | man died in suspicious condition | Patrika News

ससुराल में रह रहे युवक की संदिग्ध मौत, घटना की रात आम के बाग की रखवाली कर रहा था मृतक

locationआजमगढ़Published: Jul 06, 2018 08:13:24 pm

Submitted by:

Sunil Yadav

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

ससुराल में रह रहे युवक की संदिग्ध मौत, घटना की रात आम के बाग की रखवाली कर रहा था मृतक

ससुराल में रह रहे युवक की संदिग्ध मौत, घटना की रात आम के बाग की रखवाली कर रहा था मृतक

आजमगढ़. बरदह थाना क्षेत्र के जमुआई गांव में स्थित ससुराल में रह रहे 35 वर्षीय युवक की हालत गुरुवार की रात अचानक गंभीर हो गई। स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र से रेफर कर दिए जाने पर अचेत युवक को ससुराल वालों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। शुक्रवार की भोर में उपचाराधीन युवक ने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर जहरीली शराब पिलाकर युवक को मार डालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
देवगांव कोतवाली क्षेत्र के घोड़सहना ग्राम निवासी पिंटू सोनकर (35) पुत्र दयाराम सोनकर जीविकोपार्जन के लिए कर्नाटक प्रांत के मैसूर शहर में रहता था। लगभग तीन माह पूर्व वह अपने घर आया और तभी से अपनी ससुराल जमुआई थाना क्षेत्र बरदह में रहने लगा। ससुराल वालों ने गांव के ही एक व्यक्ति के आम की बात बटाई पर ले रखा था। पिंटू प्रतिदिन बाग निगरानी के लिए वहीं सोता था। गुरुवार की रात करीब नौ बजे अचानक उसकी हालत बिगड़ गई।
जानकारी होने पर ससुराल वाले उसे बरदह स्वास्थ्य केंद्र ले गए। चिकित्सक द्वारा रेफर कर दिए जाने पर अचेत पिंटू सोनकर को देर रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचाराधीन युवक ने शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे ईलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी के बाद जिला अस्पताल पहुंचे मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर जहरीली शराब पिला कर उसे मार डालने का आरोप लगाया है। मृतक के एक पुत्र व एक पुत्री बताए गए हैं। इस घटना से मृतक की पत्नी पूजा का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में बरदह थाना थानाध्यक्ष का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्थिति स्पष्ट होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सड़क हादसे में राजगीर की मौत


आजमगढ़. बरदह थाना क्षेत्र अंतर्गत खरांट मोड़ के समीप गुरुवार की शाम अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से साइकिल सवार 35 वर्षीय राजगीर की मौत हो गई। बरदह थाना क्षेत्र के बकेश गांव का रहने वाला मनोज (35) पुत्र मुसाफिर बनवासी पेशे से राजगीर था। गुरुवार की शाम वह अपना काम निपटा कर साइकिल से वापस घर लौट रहा था। रास्ते में खरांट मोड़ के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आकर वह घायल हो गया। दुर्घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल मनोज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उपचाराधीन राजगीर ने देर रात करीब दो बजे दम तोड़ दिया। मृतक के एक पुत्री बताई गई है। हादसे में पति की मौत के बाद मृतक की पत्नी सरोजा देवी की हालत अर्ध विक्षिप्त जैसी हो गई है।
जहर निगलने से अचेत युवक ने तोड़ा दम


आजमगढ़. अज्ञात कारणों से जहर निगल कर अचेत हुए युवक को परिजनों ने गुरुवार की रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान देररात उसने दम तोड़ दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रौनापार थाना क्षेत्र के उरदिहां ग्राम निवासी बुद्धसागर पटेल का 30 वर्षीय पुत्र मुकेश गुरुवार की रात किसी बात से नाराज होकर विषाक्त पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे निजी चिकित्सक के पास ले गए। चिकित्सक द्वारा रेफर कर दिए जाने पर युवक को अचेतावस्था में देर रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। ईलाज शुरू होने के कुछ ही देर बाद मुकेश ने दम तोड़ दिया। मृत युवक चार भाइयों में तीसरे नंबर पर और अभी अविवाहित था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
By- रणविजय सिंह

ट्रेंडिंग वीडियो