अहरौला थाना क्षेत्र के बनकट गांव निवासी 45 वर्षीय गहनू निषाद शुक्रवार को कप्तानगंज थाना क्षेत्र के टहर वाजिदपुर गांव स्थित अपनी ससुराल ससुर की तेहरवीं में शामिल होने गया था। देर रात कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वह बाइक से घर के लिए रवाना हुआ लेकिन घर नहीं पहुंचा।
इसी बीच शनिवार की सुबह उसका शव अहरौला थाना क्षेत्र के धनेज पांडेय गांव के पास पाया गया। पास में उसकी बाइक भी पड़ी थी। बाइक को क्षतिग्रस्त देख यह अंदाजा लगाया गया कि युवक किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया होगा।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक के कागज के आधार पर शव की पहचान की। इसके बाद दुर्घटना की जानकारी परिवार के लोगों को दी गयी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाने पर पहुंची पत्नी सहोदरा देवी का रोरोकर बुरा हाल था। मृत युवक छह पुत्रियों का पिता व दो भाइयों में बड़ा था। छोटा भाई दिव्यांग है।
BY Ran vijay singh