scriptभाई के साथ ड्यूटी जा रही स्वास्थ्यकर्मी का दिन दहाड़े अपहरण | Medical Employee kidnapped In Day Light in Azamgarh | Patrika News

भाई के साथ ड्यूटी जा रही स्वास्थ्यकर्मी का दिन दहाड़े अपहरण

locationआजमगढ़Published: Oct 20, 2020 05:05:01 pm

स्कार्पियो सवार बदमाशों ने तमंचा सटाकर महिला को किया अगवा
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के पासीपुर के पास बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम

azamgarh craim

प्रतीकात्मक फोटो

आजमगढ़. भाई के साथ बाइक से जिला अस्पताल ड्यूटी करने जा रही महिला स्वास्थ्यकर्मी को स्कार्पियो सवार बदमाशों ने असलहे के बल पर अगवा कर लिया। जबकि उसके भाई को मार पीटकर घायल कर दिये। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया। पुलिस ने घेरेबंदी कर बदमाशों को तहबरपुर क्षेत्र में गिरफ्तार कर महिला स्वास्थ्यकर्मी को बरामद कर लिया। आरोपियों से पूछताछ चल रही है।

कप्तानगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली 24 वर्षीया महिला जिला अस्पताल में स्वास्थ्यकर्मी के पद पर तैनात है। रोज की तरह वह मंगलवार की सुबह भाई के साथ बाइक से ड्यूटी जाने के लिए घर से निकली। अभी बाइक सवार भाई-बहन जूनियर हाईस्कूल पासीपुर रसूलपुर के पास ही पहुंचे थे कि एक स्कार्पियों सवार कुछ लोगों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। दोनों जब तक कुछ समझ पाते बदमाशों ने बाइक की चाभी छीन ली और तमंचा सटाकर महिला को स्कार्पियों में बैठा लिया। भाई ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसे मारने पीटने लगे। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों की नजर पड़ी तो वे मौके की तरफ आने लगे। यह देख बदमाश असलहा लहराते हुए भागने की कोशिश किए लेकिन युवक ने एक बदमाश का तमंचा छीन लिया लेकिन बदमाश महिला को लेकर भागने में सफल रहे।

पीड़िता के भाई ने कप्तानगंज थाने की पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। अपहरण की सूचना पर हड़कंप मच गया। कई थानों की फोर्स बदमाशों की तलाश में लगा दी गयी। परिणाम रहा कि एक घंटे के अंदर ही तहबरपुर थाना पुलिस ने अपहरण करने वाली स्कार्पियों को पकड़ लिया। जिससे अपहृत महिला स्वास्थ्यकर्मी बरामद हो गई। साथ ही अपहरण करने वाले बदमाश भी पकड़े गए। तहबरपुर पुलिस बदमाशों से थाने में पूछताछ कर रही है।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सिद्धार्थ का कहना है कि स्कार्पियो सवार लोगों ने महिला स्वास्थ्यकर्मी का सुबह अपहरण किया और पुलिस ने एक घंटे के अंदर ही उसे बरामद भी कर लिया। आरोपी भी पकड़े गए है। अपहरण का कारण क्या है यह पूछताछ में पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपी का कहना है कि उसने महिला से कोर्ट मैरेज की है। वहीं महिला स्वास्थ्यकर्मी अभी कुछ स्पष्ट रूप से नहीं बता रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद ही स्पष्ट कारण पता चल सकेगा।

by ran vijay singh

ट्रेंडिंग वीडियो