कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि युवाओं में वैक्सीनेशन के लिए काफी उत्साह है। पूरे देश में उप्र का वैक्सीनेशन में प्रथम स्थान है। आजमगढ़ मंडल के तीनों जिलों आजमगढ़, मऊ एवं बलिया में युवाओं के लिए कोविड-19 वैक्सीनेशन कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया है। उन्होने युवाओं से बड़ी संख्या में भाग लेकर टीकाकरण कराने का आग्रह किया। बताया कि पूरे देश में उप्र को सबसे अधिक कोविड-19 की वैक्सीन दी गयी है। पहले की अपेक्षा अब वैक्सीन का नुकसान भी कम हो रहा है। प्रदेश सरकार के प्रयासों से मृत्यु दर एवं नये मरीजों की संख्या में लगातार कमी आ रही है।
उन्होने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के युवाओं, महिलाओं एवं वृद्धों का अधिक से अधिक वैक्सीनेशन कराया जाए। हम सभी के प्रयासों से सरकार के द्वारा निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने में सफलता मिलेगी। कोविड-19 के संक्रमण से बचने के लिए सुरक्षा ही सबसे बेहतर उपाय है। कोविड-19 की गाइडलाइन को सभी लोग अनिवार्य रूप से पालन करें। सभी लोग दो गज की दूरी एवं मास्क की अनिवार्यता का पालन अवश्य करें। ग्रामीण स्तर पर लोगों को जागरूक करने के लिए प्रदेश में सबसे अधिक निगरानी समितियों का गठन किया गया है। प्रदेश सरकार कोविड-19 के संक्रमण को रोकने के लिए कटिबद्ध है। मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में प्रदेश के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार कोविड-19 के संक्रमण को रोकने के लिए कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री जी के प्रयासों का ही परिणाम है कि आज प्रदेश के प्रत्येक जनपद में कोविड-19 के संक्रमण में गिरावट देखी जा रही है। कोविड-19 के संक्रमण को रोकने के लिए ही प्रदेश मंे लाॅकडाउन को 24 मई 2021 तक बढ़ा दिया गया है। कोविड-19 के दौर में भी प्रदेश सरकार आत्मनिर्भर बनने की दिशा में निरन्तर आगे बढ़ रही है।
मंत्री ने कहा कि ब्लैक फंगस से बचाव एवं उपचार की भी प्रभावी व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए एक कमेटी गठित की गयी है। कोविड-19 संक्रमण से मुक्त होने के बाद कुछ लोगों में ब्लैक फंगस की बिमारी प्रकाश में आयी है। कमेटी के सुझाव पर ब्लैक फंगस के दृष्टिगत नया प्रोटोकाल जारी किया गया है। सरकार पूरी तरह से सजग एवं सतर्क है। ब्लैक फंगस के विस्तार को रोकना सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। इसके उपचार के लिए भी आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर ब्लैक फंगस के कारणों, बचाव के उपायों तथा उपचार के सम्बन्ध में एडवाइजरी जारी कर जनता को जागरूक करने के लिए व्यपापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
प्रदेश सरकार कोविड-19 के तीसरी लहर से बचाव एवं सुरक्षा के उपाय पर गम्भीरता से विचार तथा विमर्श कर रही है। प्रदेश सरकार द्वारा इससे निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित किया जा रहा है। प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के लिए आईसीयू वार्ड आरक्षित किया जा रहा है। प्रत्येक जिले में बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के लिए टास्क फोर्स का गठन किया गया है। प्रदेश में बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के लिए अलग से 2200 एम्बूलेंस आरक्षित की गयी है।
BY Ran vijay singh