आजमगढ़

रिश्तेदारी आये युवक को बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली, हालत गंभीर

मऊ जिले मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर गांव का रहने वाला है घायल युवक
जिला अस्पातल से हायर सेंटर किया गया रेफर

आजमगढ़Nov 15, 2020 / 09:08 am

रफतउद्दीन फरीद

जहानागंज थाना

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
आजमगढ़. जहानागंज थाना क्षेत्र के गोड़सर गांव में रिश्तेदारी आये युवक पर शनिवार की दोपहर दो बाइक सवार चार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर घायल कर दिया। गोली लगने से घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां हालत गंभीर देख चिकित्सक ने हायर सेंटर भेज दिया। वहीं दूसरी तरफ गांव के लोगों ने भाग रहे एक हमलावर को पकड़ लिया। उसके तीन साथी फरार हो गए। दीपावली के दिन हुई इस वारदात से हड़कंप मचा हुआ है। मौके पर फोर्स तैनात कर दी गयी है।

जहानागंज थाना क्षेत्र के गोड़सर गांव के मेले में शुक्रवार को गांव के गुल्लू यादव पुत्र देवनाथ का पड़ोसी गांव शाहपुर निवासी मानवेन्द्र सिंह पुत्र जगरनाथ से विवाद हो गया था। उस समय लोगों के बीच बचाव के बाद मामला शांत हो गया था।

शनिवार को दीपावली पर्व पर गुल्लू यादव के घर उसका रिश्तेदार प्रदीप यादव 26 निवासी जलालपुर थाना मुहम्मदाबाद जनपद मऊ आया था। मेले में हुए विवाद की रंजिश को लेकर मानवेन्द्र सिंह शनिवार की दोपहर करीब तीन बजे दो बाइक से चार लोगों के साथ गुल्लू के घर पहुंचा और पिस्टल से फायर करने लगा। इस दौरान प्रदीप ने पिस्टल पकड़ ली।

उसी दौरान हुए फायर में गोली प्रदीप के पेट में लग गयी और वह घायल होकर गिर गया। घटना के बाद गांव के लोगों ने मानवेन्द्र सिंह को पकड़ लिया। उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। घायल का उपचार शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

BY Ran vijay singh

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.