scriptरात को घर से गायब हुई छात्रा की पोखरे में मिली लाश, हत्या की आशंका | missing girl student body Found in the pound in azamgarh fear of murde | Patrika News

रात को घर से गायब हुई छात्रा की पोखरे में मिली लाश, हत्या की आशंका

locationआजमगढ़Published: Jul 14, 2021 05:45:28 pm

रात को घर से गायब हुई छात्रा का शव बुधवार की सुबह पोखरे में पाया गया। छात्रा के शरीर पर चोेट के निशान देख आशंका जताई जा रही है कि हत्या कर शव पोखरे में फेंका गया है। छात्रा परीक्षा देने के लिए हरियाणा से घर आयी थी। पुलिस ने शव पोर्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
आजमगढ़. बरदह थाना क्षेत्र के असवनिया भदकानपुरवा गांव से मंगलवार की रात गायब हुई बीए की छात्रा का शव बुधवार की सुबह पोखरे में उतराया पाया गया। छात्रा का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। मृतका के शरीर पर चोट के निशान देख आशंका व्यक्त की जा रही है कि हत्या कर शव पोखरे में फेंका गया होगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पड़ोस के ही दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

क्षेत्र के असवनिया भदकानपुरवा गांव निवासी उदयभान गौतम परिवार के साथ हरियाणा रहते हैं। वहां उनका अपना मोटर गैरज है। उदयभान के पिता, भाई के अलावा छोटा पुत्र गांव में रहता है। उदयभान की पुत्री पूजा (18) बड़गहन स्थित पीजी कॉलेज से स्नातक अंतिम वर्ष की छात्रा थी। परीक्षा देने के लिए 05 जुलाई को वह हरियाणा से घर आई थी।

परिवार के लोगों के मुताबिक मंगलवार की रात आठ बजे उसने अपनी चाची को मोबाइल दिया और खेत पर जाने की बात कही। एक घंटे से ज्यादा समय होने पर भी जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। पूरी रात तलाश जारी रही लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। सुबह पड़ोस के लोग दैनिक क्रिया से निवृत्त होने पोखरे पर गए तो पूजा का शव उतराया देख सन्न रह गए। उनकी सूचना पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद परिजन शव पोखरी से निकालकर घर ले गए। शव पर चोट के निशान देख लोगों ने हत्या की आशंका व्यक्त की।

घटना की जानकारी होने पर बरदह थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गयी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर भी दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस मुकदमा पंजीकृत करने के साथ ही गांव के ही दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इन दोनों के मोबाइल से कई बार पूजा के मोबाइल पर कॉल हुआ था। बरदह थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्रा ने बताया कि पोखरे से युवती का शव बरामद हुआ है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए तहरीर दी है। जिसके आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।

BY Ran vijay singh

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो