बता दें कि आजमगढ़-मऊ एमएलसी सीट के लिए पांच प्रत्याशी मैदान में है। बीजेपी ने सपा विधायक बाहुबली रमाकांत यादव के पुत्र अरुणकांत यादव को मैदान में उतारा है तो सपा से एमएलसी राकेश यादव मैदान में है। वहीं बीजेपी से बगावत कर एमएलसी यशवंत सिंह के पुत्र विक्रांत सिंह चुनाव में ताल ठोक रहे हैं। इसके अलावा दो अन्य निर्दल प्रत्याशी अंब्रेश व सिकंदर प्रसाद कुशवाह भी भाग्य आजमा रहे हैं। यहां सीधी लड़ाई अरुणकांत यादव, राकेश यादव और विक्रांत सिंह के बीच मानी जा रही है।
राकेश यादव पिछले चुनाव में इस सीट से एमएलसी चुने गए थे। उन्होंने बीजेपी के राजेश महुआरी को बड़े अंतर से हराया था। यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में सपा एमएलसी क्षेत्र में आने वाली 14 विधानसभा सीटों में से 13 पर जीत हासिल की है। इससे सपा का हौसला बुलंद है। वहीं बीजेपी को सरकार की नीतियों पर भरोसा है लेकिन यशवंत सिंह सीधे तौर पर पार्टी की गणित बिगाड़ रहे हैं। सीट के लिए सुबह आठ बजे से मतदान जारी है। आजमगढ़-मऊ स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन में 5050 मतदाता है। आजमगढ़ में 4238 और मऊ में 1712 मतदाता वोट कर रहे हैं। दोनों जिले के ग्राम प्रधान, बीडीसी, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर निकाय अध्यक्ष, सभासद के अलावा सांसद, विधायक समेत प्राधिकरण में निर्वाचित अन्य सदस्य वोटिंग कर रहे हैं।
मतदान के लिए आजमगढ़ आजमगढ़ में 24 व मऊ में 10 केंद्र बनाए गए है। शाम चार बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्ति के बाद दोनों जिलों की सभी मतपेटिकाएं आजमगढ़ के एफसीआई गोदाम बेलइसा के स्ट्रांग रूम में कड़ी सुृरक्षा व्यवस्था की बीच रखीं जाएंगी। दोनों जिलोें के वोटों के गिनती 12 अप्रैल सुबह आठ बजे से कार्य समाप्ति तक होगी, जिसके लिए कुल 14 टेबल बनाए जाएंगे।