scriptहत्या के आरोप में पूर्व प्रधान वंशराज यादव, सीताराम यादव समेत चार गिरफ्तार | Murder Accused Former Pradhan Vanshraj Yadav and 3 other Arrested | Patrika News

हत्या के आरोप में पूर्व प्रधान वंशराज यादव, सीताराम यादव समेत चार गिरफ्तार

locationआजमगढ़Published: Jan 15, 2020 10:30:07 am

.

Arrested

गिरफ्तार

आजमगढ़. कप्तानगंज थाने की पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर हत्या के मामले में वांछित पूर्व प्रधान समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

 

गौरतलब है कि कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कांधूपट्टी ग्राम निवासी मनोज राजभर (30) बीते 31 दिसंबर को अपने तीन दोस्तों के साथ मुंबई जाने के लिए घर से रवाना हुआ था। ट्रेन छूट जाने पर सभी साथी वापस लौटे और सुबह यात्रा पूरी करने की सोच रात में सभी तहबरपुर क्षेत्र के धनियाकुड़ी ग्राम निवासी दिनेश यादव के घर रुक गए। बताते हैं कि उसी रात मनोज सुबह आने की बात कह कर अपने घर के लिए चला लेकिन घर नहीं पहुंचा। इस बात की जानकारी होने पर मनोज के बड़े भाई विनोद ने बीते चार जनवरी को कप्तानगंज थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

 

आरोप है कि उसी रात आशनाई के चलते मनोज की हत्या कर दी गई और शव को धनियाकुड़ी गांव स्थित पोखरी में छिपा दिया गया। बीते आठ जनवरी को लापता मनोज राजभर का शव बरामद कर लिया गया। सिर में चोट के निशान देख मृतक पक्ष द्वारा धनियाकुड़ी गांव के पूर्व प्रधान वंशराज यादव एवं मृतक मनोज के साथ मुंबई जाने वाली तीनों दोस्तों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। गिरफ्तारी के भय से चारों आरोपी फरार चल रहे थे। मंगलवार की सुबह कप्तानगंज थाना प्रभारी विनोद कुमार को जरिए मुखबिर सूचना मिली कि सभी आरोपी मंदुरी तिराहे पर मौजूद हैं और कहीं भागने की फिराक में हैं।

 

पुलिस ने सुबह करीब 6.30 बजे बताए गए स्थान पर दबिश देकर हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में तहबरपुर क्षेत्र के धनियाकुड़ी गांव के पूर्व प्रधान वंशराज पुत्र पतिराम यादव व दिनेश पुत्र सीताराम यादव, इसी क्षेत्र के सुदनीपुर ग्राम निवासी भानु पुत्र जगदम्बा यादव एवं कप्तानगंज क्षेत्र के अशरफपुर ग्राम निवासी शंभू पुत्र स्व. मूलचंद यादव बताए गए हैं। थाना प्रभारी विनोद कुमार के अनुसार मृतक मनोज का आरोपी पूर्व प्रधान वंशराज यादव के भाई की पत्नी के साथ अवैध संबंध था। घटना वाली रात मनोज को प्रेमिका से छिपकर मिलते देख लेने पर उसकी हत्या कर दी गई।

By Ran Vijay Singh

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो