जफराबाद थाना क्षेत्र के महरूपुर गांव निवासी 55 वर्षीय अतुल सिंह अविवाहित थे। वे पिछले कई वर्षों से मीरगंज थाना क्षेत्र के बभनियांव गांव में अपनी बहन पुष्पा सिंह के घर रहते थे। अतुल सिंह का अपने सगे भतीजे सूरज सिंह उर्फ प्रशांत सिंह पुत्र सुमंत कुमार सिंह से भूमि विवाद चल रहा था। जिसे लेकर दोनों में आये दिन विवाद होता था।
बताते हैं कि हाल में भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी बीच बुधवार की रात करीब 1.20 बजे सूरज सिंह अपने एक साथी के साथ बाइक से पहुंचा और अतुल सिंह का गोली मार दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। बहन के परिवार के लोग गंभीररूप से घायल अतुल सिंह को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर ले गए जहां हालत गंभीर देख चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान अतुल सिंह की मौत हो गई।
घटना की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अतुल सिंह के जीजा मुख्तार सिंह उर्फ विजय प्रताप सिंह की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी सूरज सिंह को गिरफ्तार कर लिया है जबकि उसके साथी की तलाश जारी है। अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जानकारी मिली है कि सूरज सिंह ने करीब एक सप्ताह पूर्व अतुल सिंह को मार डालने की धमकी दी थी। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर सूरज सिंह को हिरासत में ले लिया गया है। उसके साथी बकाटू उर्फ टाइगर निवासी कजगांव थाना जफराबाद की तलाश में दबिश दी जा रही है।