scriptजहां एसपी मांगता हो गुंडा टैैक्स वहां नहीं कर सकते न्याय की उम्मीद: ओम प्रकाश राजभर | Om Prakash Rajbhar Criticize Yogi Government and UP Police | Patrika News

जहां एसपी मांगता हो गुंडा टैैक्स वहां नहीं कर सकते न्याय की उम्मीद: ओम प्रकाश राजभर

locationआजमगढ़Published: Oct 13, 2020 09:44:12 am

सुभासपा की बैठक में यूपी सरकार और पुलिस पर जमकर बरसे पूर्व मंत्री ओम प्रकाश राजभर
पंचायत चुनाव में पूरी ताकत के साथ उतरने का किया अह्वान, तैयारियों का लिया जायजा

azamgarh news

पूर्व मंत्री ओम प्रकाश राजभर

आजमगढ़. पंचायत चुनाव की आहट के बीच यूपी की भाजपा सरकार में मंत्री रह चुके सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर के तेवर और तल्ख हो गए हैं। उन्होंने कहा कि जहां एसपी गुंडा टैक्स मांगता हो वहां न्याय की उम्मीद नहीं की जा सकती है। यूपी में जंगलराज कायम है। जो सरकार जनता को न्याय न दे सकते उसे सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है। इस दौरान उन्होंने पंचायत चुनाव की तैयारियों का जायजा भी लिया और पार्टी पदाधिकारियों से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत कर पूरी ताकत से पंचायत चुनाव लड़ने का अह्वान किया।

 

अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जिस प्रदेश में पत्रकार मारा जाए, सुरक्षाकर्मी मारे जाएं, एसपी गुंडा टैक्स मांग रहा हो वहां न्याय की उम्मीद नहीं की जा सकती है। हाथरस की घटना को लेकर कहा कि कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है। मुख्यमंत्री काठ की पुतली हैं, उन्हें ब्यूरोक्रेट नचा रहे हैं। यहां अपहरण कुटीर उद्योग बन चुका है। भारतीय जनता पार्टी झूठ की पार्टी है। देश के प्रधानमंत्री झूठे, प्रदेश के मुख्यमंत्री झूठे हैं।

 

बीजेपी सरकार ने सवा करोड़ लोगों को रोजगार देने की घोषणा की। इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री से कराया गया और अभी तक एक चपरासी की भी भर्ती नहीं हुई। जब बीजेपी सत्ता में नहीं थी तो मनरेगा का विरोध करती थी, आज उसी मनरेगा को जोड़कर सवा करोड़ रोजगार देने की बात कर रही हैं। महंगाई कम करने की बात की, लेकिन आलू ,प्याज व गैस के दाम बढ़ते ही जा रहे हैं। सरकार अब सरकारी स्कूल, अस्पताल, राष्ट्रीय राजमार्ग को बेचने की तैयारी में है। उन्होंने कहा कि जो सरकार जनता के हित में काम न कर सके और जनता के साथ न्याय न कर सके उसे सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। कार्यकर्ता जनता के बीच जाएं और सरकार के झूठ का पर्दाफाश करें।

BY Ran vijay singh

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो