scriptAZAMGARH NEWS कार्रवाई न किये जाने से परेशान हाल में दुष्कर्म पीड़िता | rape victim in high problem in azamgarh | Patrika News
आजमगढ़

AZAMGARH NEWS कार्रवाई न किये जाने से परेशान हाल में दुष्कर्म पीड़िता

घायलों में सभी बलिया जनपद निवासी

आजमगढ़Dec 12, 2017 / 12:08 am

Ashish Shukla

रेप का मामला

victim

आजमगढ़. कप्तानगंज थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव के समीप सोमवार को दिन में दो लग्जरी कारों की आमने-सामने हुई टक्कर में एक वाहन सवार चार लोग जख्मी हो गये। बलिया जनपद निवासी सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। वहीं रौनापार थाना क्षेत्र में रविवार की शाम अनियंत्रित बाइक पेड़ से टकरा गयी। इस हादसे में बाइक चालक गंभीर रुप से घायल हो गया।
बलिया जिले के गड़वार थाना अन्तर्गत चिलकहर ग्राम निवासी अजय प्रताप सिंह (40), नित्यानंद सिंह (60) व उनके पुत्र अंशुमान सिंह (30) तथा श्याम सुन्दर पाण्डेय (85) सभी सोमवार की सुबह स्वीफ्ट डिजायर कार से लखनऊ के लिए रवाना हुए। दिन के करीब 11 बजे सभी कप्तानगंज थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव के पास पहुंचे कि तभी विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य स्वीफ्ट डिजायर कार उनके वाहन में सामने से टकरा गयी। इस दुर्घटना में बलिया जनपद निवासी सभी गंभीर रुप से घायल हो गये। हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस की मदद से घायलों को इलाज के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। घायलों की हालत गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
इसी क्रम में रौनापार थाना क्षेत्र के बाजार गोसाई के समीप रविवार की शाम तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गयी। इस दुर्घटना में जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के पुरसौली ग्राम निवासी बाइक चालक विजय शंकर (30) पुत्र रामअवध गंभीर रुप से घायल हो गया। घायल युवक का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

गन्ना क्रसर मशीन की चपेट में आने से महिला की मौत
तहबरपुर थाना क्षेत्र के धनियाकुड़ी गांव में सोमवार की सुबह क्रसर मशीन में गन्ने की पेराई करते समय साड़ी पट्टे में फंस जाने से 40 वर्षीय महिला की मौत हो गयी।
धनियाकुड़ी ग्राम निवासी महेंद्र यादव परिवार की आजीविका चलाने के लिए क्षेत्र के टीकापुर तिराहे पर जनरल स्टोर की दुकान करता है। सोमवार की सुबह महेंद्र यादव के परिजन घर के पास क्रसर मशीन की मदद से गन्ने की पेराई कर रहे थे। महेंद्र की पत्नी शांती देवी (40) क्रसर में गन्ना लगा रही थी। इसी दौरान उसकी साड़ी मशीन के पट्टे में फंस गयी और वह गंभीर रुप से घायल हो गयी। आनन-फानन घायल महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन शव लेकर घर लौट गये। इस घटना से मृतका के घर कोहराम मचा हुआ है। मृतका के एक पुत्र व एक पुत्री बताये गये हैं।

जहर निगलने से युवक अचेत
अज्ञात कारणों से जहर निगलकर अचेत हुए युवक को परिजनों ने रविवार की रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उपचाराधीन युवक की हालत अब सामान्य बतायी जा रही है।
अतरौलिया थाना क्षेत्र के लोहरा ग्राम निवासी अमरजीत (35) पुत्र चंद्रबली ने रविवार की देर शाम किसी बात से नाराज होकर विषाक्त पदार्थ निगल लिया। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे इलाज के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले गये। युवक की स्थिति नाजुक देख चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न किये जाने से परेशान हाल में दुष्कर्म पीड़िता

सोमवार को दर्जनों ग्रामीणों के साथ न्याय की गुहार लगाने एसपी दरबार पहुंची। अधिकारियों के न मिलने से पीड़ित परिवार बुझे मन से ग्रामीणों के साथ घर लौट गया।
जहानागंज थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़ित महिला का आरोप है कि गत 14 नवम्बर को उसका पति अपने रिश्तेदारी गया हुआ था। महिला अपने दुधमुंहे बेटे के साथ अलग कमरे में सोयी थी। जबकि उसके अन्य बच्चे बुजुर्ग ससुर के साथ दूसरे स्थान पर सोये थे। देर रात बोलेरो वाहन से आये तीन लोग जिसमें गांव के दो लोग शामिल थे। उन्होंने महिला के दरवाजे को खटखटाया। पति को घर आने के अंदेशा से महिला ने जैसे ही दरवाजा खोला उक्त तीनों लोग महिला का मुंह दबाकर उसके दुधमुंहे बच्चे को भी जबरन वाहन में बैठा लिये। इसके बाद सभी मां-बेटे को लेकर गाजीपुर जनपद के दुल्हपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहां गांव के दोनों युवक महिला को लेकर ट्रेन पर सवार हुए और गुजरात के बड़ोदरा शहर पहुंच गये। वहां किराये पर कमरा लेकर उक्त दोनों युवक महिला का जबरन शारीरिक शोषण करते रहे। एक दिन मौका पाकर पीड़ित महिला दरिंदों के चंगुल से बचकर बच्चे के साथ निकल भागी। स्थानीय लोगों की मदद से पीड़ित महिला किसी तरह अपने घर पहुंची और आपबीती परिजनों को बतायी। घटना की शिकायत दर्ज कराने पीड़ित परिवार जहानागंज थाने पहुंचा और लिखित तहरीर दिये जाने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। मजबूर होकर पीड़ित महिला गांव के दर्जनों लोगों के साथ सोमवार को न्याय की गुहार लगाने एसपी कार्यालय पहुंची जहां किसी अधिकारी के न मिलने पर सभी बुझे मन से वापस लौट गये।

छात्रा के साथ छेड़खानी, रिपोर्ट दर्ज

कप्तानगंज थाने की पुलिस ने मोबाइल फोन पर अश्लील शब्दों का प्रयोग करने के साथ ही विद्यालय जाते समय किशोरवय छात्रा के साथ छेड़खानी करने के आरोप में नामजद किये गये युवक के खिलाफ रविवार को रिपोर्ट दर्ज की है। इस मामले में पीड़ित छात्रा के भाई ने कप्तानगंज क्षेत्र के भरौली ग्राम निवासी विकास शर्मा पुत्र महेंद्र शर्मा के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करायी है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपी युवक पिछले कई दिनों से मोबाइल फोन पर काल कर छात्रा को परेशान कर रहा था। गत 9 दिसम्बर की दोपहर विद्यालय जा रही छात्रा के साथ आरोपी ने छेड़खानी की।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो