scriptपुलिस एनकाउंटर में दो इनामी बदमाश घायल | rewarded two criminal arrested after police encounter in azamgarh | Patrika News

पुलिस एनकाउंटर में दो इनामी बदमाश घायल

locationआजमगढ़Published: Dec 13, 2018 08:09:29 pm

Submitted by:

Devesh Singh

बदमाशों के कब्जे से चारपहिया वाहन व दो असलहे बरामद

Police Encounter

Police Encounter

रिपोर्ट:-रणविजय सिंह
आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र में बजहां गांव के पास गुरुवार की शाम पुलिस और बदमाशों के बीच हुए मुठभेड़ के दौरान दो इनामी लुटेरे पुलिस की गोली से जख्मी हो गए। वहीं बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग में थानाप्रभारी जहानागंज का हमराही भी जख्मी हो गया। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। चिकित्सक ने दोनों घायल बदमाशों को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया जबकि घायल आरक्षी का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से चार पहिया वाहन व दो असलहे बरामद किया है।
जनपद में इन दिनों बढ़ते अपराध के ग्राफ से परेशान पुलिस को गुरुवार की शाम जहानागंज क्षेत्र में कामयाबी मिली। क्षेत्र के बजहां गांव के पास पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से चली फायरिंग में चारपहिया वाहन सवार दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। वहीं बदमाशों की गोली से जहानागंज थाने पर तैनात एक आरक्षी भी जख्मी हो गया। बताते हैं कि जहानागंज थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह गुरुवार की शाम अपनी टीम के साथ क्षेत्रभ्रमण पर निकले थे। इसी दौरान उन्हें जरिए मुखबीर सूचना मिली की संगीन वारदातों को अंजाम देने वाले दो बदमाश चारपहिया वाहन से क्षेत्र में घूम रहे हैं। पुलिस तत्काल सक्रिय हुई। पुलिस की सक्रियता की भनक पाकर वाहन सवार बदमाश जहानागंज से सठियांव मार्ग की ओर भागने लगे। इस बात की जानकारी होने पर थानाप्रभारी जहानागंज ने आसपास के थानों को भी वायरलेस पर सूचना दी और बदमाशों का पीछा किया जाने लगा। शाम करीब 3.30 बजे जहानागंज क्षेत्र के बजहां गांव के पास पुलिस और बदमाशों का आमना-सामना हो गया। पुलिस देख बदमाश फायर झोंकने लगे। इस दौरान गोली लगने से थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह का हमराही रामकेवल घायल हो गया। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस की गोली से दो बदमाश घायल हो गए। घायल बदमाशों की पहचान 50 हजार के ईनामी सेराज अहमद निवासी ग्राम इमगिलिया थाना क्षेत्र अहरौला तथा फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के जगदीशपुर गांव का रहने वाले 25 हजार के ईनामी अपराधी अजीम के रूप में की गई है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों बदमाशों के ऊपर जनपद के अलावा अंबेडकर नगर व जौनपुर जिले में भी दर्जनों अभियोग पंजीकृत हैं। दोनों शातिर लुटेरे हैं। घायल बदमाश सेराज अहमद जनपद की पुलिस के भय से जौनपुर जिले में शरण लिए हुए था। इन दिनों वह अपने साथियों के साथ जिले में किसी संगीन वारदात को अंजाम देने की फिराक में आया हुआ था। उन्होंने बताया कि पुलिस के हत्थे चढ़े सेराज अहमद की अपहरण व दुष्कर्म के मामले में तलाश चल रही थी। मुठभेड़ की जानकारी पाकर पुलिस उपमहानिरीक्षक विजय भूषण अपने मातहतों के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस की गोली से घायल दोनों बदमाशों को वाराणसी भेजा गया है। जबकि घायल आरक्षी का उपचार शहर के निजी अस्पताल में चल रहा है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो