script

रोक के बाद भी आज सपाई निकालेंगे ट्रैक्टर यात्रा, प्रशासन को दी चुनौती

locationआजमगढ़Published: Jan 26, 2021 11:04:32 am

सपाई बोले शांतिपूर्ण ढंग से यात्रा निकालेंगे कार्यकर्ता
अगर प्रशासन ने की रोकने की कोशिश तो देंगे मुंहतोड़ जवाब

azamgarh news

अखिलेश यादव

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
आजमगढ़. सपा मुखिया के आह्वान पर पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी आज गणतंत्र दिवस पूर्वांह्न 11 बजे ट्रैक्टर यात्रा निकालेंगे। हालाकि प्रशासन ने धारा-144 का हवाला देते हुए कार्यक्रम की अनुमति देने से मना कर दिया है लेकिन सपाई जिद पर अड़े है। सपाइयों ने कार्यक्रम रोकने पर जवाब देने की चेतावनी भी दी है। ऐेसे में प्रशासन और सपाइयों का आमने-सामने आना तय माना जा रहा है। प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार नजर आ रहा है।

बता दें कि सपा मुखिया अखिलेश यादव ने किसानों की ट्रैक्टर यात्रा के समर्थन की घोषणा की है। इसके बाद से ही सपाई अखिलेश यादव के संसदीय क्षेत्र में ट्रैक्टर यात्रा निकालने की तैयारी में जुटे हैं। समाजवादी पार्टी के निवर्तमान अध्यक्ष हवलदार यादव का कहना है कि हम लोहिया को मानने वाले हैं और उनकी राह पर चलते हुए नए किसान कानून का ट्रैक्टर यात्रा निकालकर विरोध करेंगे। पुलिस की चेतावनी से हम डरने वाले नहीं हैं। रोकने का प्रयास किया गया तो जवाब देने के लिए भी कार्यकर्ता तैयार होंगे।

उन्होंने कहा कि सरकार तानाशाह हो गई है। समाजवादी पार्टी से सरकार को भय हो गया है। इस कारण सपा का कोई भी कार्यक्रम होता है तो उसको दमन के रास्ते रोकने का प्रयास करती है। सपा संघर्षों की पार्टी है और महात्मा गांधी, डा. लोहिया के अहिसात्मक रास्ते पर चलकर रैली व प्रदर्शन करती है। लोहिया का नारा है कि हमला चाहे जितना हो-हाथ हमारा नहीं उठेगा, न मारेंगे-न मानेंगे। गणतंत्र दिवस पर किसानों के समर्थन में ट्रैक्टर यात्रा के कार्यक्रम को कमजोर करने के लिए ट्रैक्टर मालिकों को पुलिस नोटिस भेजी गयी है। पुलिस कार्यकर्ताओं को डरा-धमका रही है। इसके बाद भी आंदोलन रुकने वाला नहीं है। हम निर्धारित समय पर यात्रा निकालेंगे। अगर प्रशासन जबरदस्ती रोकने का प्रयास करेगा तो सपा के नेता व कार्यकर्ता उसका जवाब देंगे। जिसकी सारी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

BY Ran vijay singh

ट्रेंडिंग वीडियो