script

अधिवक्ता से फोन कर मांगी दो लाख की रंगदारी, जिले की क्राइम की अन्य खबरें

locationआजमगढ़Published: Dec 10, 2019 07:29:59 pm

Submitted by:

Akhilesh Tripathi

विरोध में न्यायिक कार्य से विरत रहे वकील, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी

crime

दो लोगों की लड़ाई में तीसरा समझाने आया तो बदमाशों ने किया यह हाल

आजमगढ़. दीवानी न्यायालय में प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ता से मंगलवार को अज्ञात अपराधी द्वारा फोन पर दो लाख रुपए रंगदारी मांगने के विरोध में अधिवक्ता समाज में आक्रोश व्याप्त है। विरोध स्वरूप अधिवक्ता समाज न्यायिक कार्य से विरत रहा। घटना के बाबत शहर कोतवाली में पीड़ित अधिवक्ता द्वारा तहरीर दे दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

दीवानी न्यायालय में विधि व्यवसाय करने वाले वंशगोपाल सिंह मंगलवार को दीवानी न्यायालय में मौजूद थे। सुबह करीब 9.45 बजे अज्ञात व्यक्ति ने उनके मोबाइल पर काल कर गोली मारने की धमकी देते हुए दो दिनों के भीतर दो लाख रुपए रंगदारी टैक्स की मांग कर दी। पहले तो अधिवक्ता ने इसे मजाक समझा लेकिन बाद में पुनः काल आने पर गंभीर हुए अधिवक्ता ने इस बात की शिकायत दीवानी बार एसोसिएशन से की।

अधिवक्ता से रंगदारी मांगने की बात को लेकर न्यायालय परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं में आक्रोश व्याप्त हो गया। इस संबंध में बार के पदाधिकारियों ने न्याय के कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया। तत्पश्चात तमाम अधिवक्ता पीड़ित के साथ शहर कोतवाली पहुंच गए। इस संबंध में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शहर कोतवाली में तहरीर दी गई। मामले को संज्ञान में लेते हुए शहर कोतवाली पुलिस घटना की छानबीन में जुट गई है। इस घटना को लेकर अधिवक्ता समाज में आक्रोश व्याप्त है।
भूमि विवाद को लेकर हमला, ननद-भाभी घायल
शहर कोतवाली क्षेत्र के उकरौड़ा गांव में सोमवार की शाम भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट के दौरान किए गए हमले में घायल ननद व भाभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उकरौड़ा ग्राम निवासी दो पक्षों के बीच भूमि संबंधी विवाद चल रहा है। सोमवार की शाम करीब 5 बजे इसी के चलते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। इस घटना में मायके आयी फूलमती (30) पत्नी राजेश वह उसकी भाभी गुलाबी देवी (25) पत्नी बृजभान दोनों घायल हो गईं। घायल महिलाओं को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सड़क हादसे में घायल दर्जी की मौत
निजामाबाद पुल के समीप मंगलवार की सुबह हुए सड़क हादसे में घायल अधेड़ दर्जी की जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। वहीं तरवां थाना क्षेत्र में सोमवार की रात हुई दुर्घटना में घायल दो युवकों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तहबरपुर थाना क्षेत्र के ईश्वरपुर खास ग्राम निवासी 50 वर्षीय रामदरश यादव पुत्र स्व. मुन्नर निजामाबाद कस्बे में पुल के समीप कपड़ा सिलाई की दुकान करता था। मंगलवार की सुबह वह घर से साइकिल द्वारा अपनी दुकान के लिए चला। सुबह करीब 9.30 बजे के करीब निजामाबाद पुल से पहले वह तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आकर घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल दर्जी को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया जा रहा था कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के तीन पुत्र व तीन पुत्री बताए गए हैं। इस घटना से मृतक के घर कोहराम मचा हुआ है। इसी क्रम में तरवां थाना क्षेत्र के मानपुर गांव के समीप सोमवार की रात करीब 10 बजे दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में एक बाइक पर सवार दो युवक जख्मी हो गए। घायलों में जामवंत चौहान (24 ) वह उपेंद्र (26ल ग्राम जिगरसंडी सराय थाना जहानागंज के निवासी बताए गए हैं। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
झुलसी महिला ने तोड़ा दम

भोजन बनाते समय सोमवार की सुबह झुलसी 35 वर्षीय महिला ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मंगलवार को तड़के दम तोड़ दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रानी की सराय कस्बा निवासी पिंटू गुप्ता की 35 वर्षीय पत्नी निधि सोमवार की सुबह भोजन बनाते समय कपड़ों में आग पकड़ लेने से झुलस गई थी। गंभीर रूप से झुलसी निधि को परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उपचाराधीन महिला ने मंगलवार को तड़के करीब 5 बजे दम तोड़ दिया। मृतका के दो पुत्र व एक पुत्री बताए गए हैं।
BY- RANVIJAY SINGH

ट्रेंडिंग वीडियो