मुबारकपुर थाना क्षेत्र के अमरौला गांव निवासी 68 वर्षीय भानमति पत्नी स्व. मंगरू सोनकर पुरूषोत्तमपुर बाजार में सब्जी बेचती थी। इसी से उसके परिवार का भरण पोषण होता था। रविवार की सुबह वह घर से सब्जी बेचने के लिए पुरुषोत्मपुर बाजार आयी इसके बाद घर नहीं लौटी। देर रात तक भानमति के घर न पहुंचने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। लोगों ने महिला के गायब होने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस भी उसकी तलाश में जुटी थी।
इसी बीच सोमवार को अपराह्न करीब दो बजे दुकान के पीछे खेत में बोरे में एक महिला की लाश पाई गई। महिला की लाश मिलने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। उत्सुकता बस भानमति के परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शव को पहचान लिया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गयी।
मुबारकपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी पर सीओ के साथ ही डॉग स्क्वायड व फोरेंसिंक टीम भी मौके पर पहुंची। अब तक पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। परिवार के लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं।