scriptसंदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, दहेज हत्या का आरोप | Woman murder for dowry in Azamgarh | Patrika News

संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, दहेज हत्या का आरोप

locationआजमगढ़Published: Jul 24, 2021 08:31:41 pm

सिधारी थाना क्षेत्र के पल्हनी कालोनी में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। मायके पक्ष के लोगों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए ससुरालवालों के खिलाफ तहरीर दी है।

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
आजमगढ़. शादी के नौ महीने बाद ही विवाहिता की ससुराल में संदिग्ध परिस्थितयों में मौत हो गयी। जानकारी होने पर बेटी की ससुराल पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

तहबरपुर थाना क्षेत्र के दासोपट्टी गांव निवासी लालबहादुर ने अपनी पुत्री कंचन की शादी अक्टूबर 2020 में सिधारी थाना क्षेत्र के पल्हनी कालोनी निवासी प्रभात से की थी। शादी के बाद सबकुछ ठीकठाक चल रहा था लेकिन थोड़े ही दिनों के बाद दहेज को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाहिता की शुक्रवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी।

मृतका के भाई अतुल का आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही ससुराल वाले कंचन को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। ससुराल के लोगों द्वारा बार-बार पैसे की मांग की जा रही थी। शुक्रवार को घर पर फोन आया कि कंचन की तबीयत खराब है। हम लोग पहुंचे तो बहन घर में ही तख्त पर मृत पड़ी थी। जबकि ससुरालवालों ने फोन पर कहा था कि उसकी तबीयत खराब है।

अतुल ने बताया कि दहेज के लिए उसकी बहन की हत्या कर दी गयी है। उसने इस संबंध में सिधारी थाने में तहरीर भी दी है जिसमें ससुराल पक्ष को आरोपित किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी की जांच जारी है। थानाध्यक्ष सिधारी का कहना है कि विवाहिता की हत्या का आरोप मायके पक्ष के लोगों ने लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।

BY Ran vijay singh

ट्रेंडिंग वीडियो