scriptअज्ञात वाहन से कुचलकर महिला की मौत, जिले की क्राइम की अन्य खबरें | Women death in road accident azamgarh crime news in Hindi | Patrika News

अज्ञात वाहन से कुचलकर महिला की मौत, जिले की क्राइम की अन्य खबरें

locationआजमगढ़Published: Aug 31, 2018 08:48:08 pm

Submitted by:

Akhilesh Tripathi

जनपद के तीन थाना क्षेत्रों से बहला -फुसलाकर भगाई गई तीन लड़कियों की जांच में जुटी पुलिस

azamgarh crime news

आजमगढ़ क्राइम की खबरें

आजमगढ़. फूलपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत माहुल- अंबारी मार्ग पर गुरुवार की रात अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से 45 वर्षीय अर्धविक्षिप्त महिला की मौत हो गई। काफी प्रयास के बाद भी मृतका की शिनाख्त संभव नहीं हो सकी। शुक्रवार की सुबह लोगों ने सड़क पर पड़े शव को देख घटना की जानकारी मुकामी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची फूलपुर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्थानीय लोगों के अनुसार बोली- भाषा से मृत महिला गैर प्रांत की रहने वाली थी। वह काफी दिनों से क्षेत्र में विचरण करते देखी जा रही थी। मृतका के शरीर पर लाल रंग की छींटदार साड़ी मौजूद थी।
सड़क हादसे में घायल वृद्ध ने तोड़ा दम
फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में बीते 11 अगस्त की रात अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से घायल वृद्ध ने गुरुवार की देर रात जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। फूलपुर क्षेत्र के यूसुफपुर ग्राम निवासी रामदुलारे (65) पुत्र रामलखन बीते 11 अगस्त की रात करीब 8.30 बजे साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में पिठावां गांव के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से वह घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें जिला मुख्यालय स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। स्वास्थ्य लाभ न होने पर बीते 27 अगस्त को घायल वृद्ध को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचाराधीन वृद्ध ने गुरुवार की देर रात ईलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक के दो पुत्र और चार पुत्रियां बताए गए हैं।
बहला-फुसलाकर भगाई गई तीन लड़कियां, तलाश में जुटी पुलिस
जनपद के तीन थाना क्षेत्रों से बहला -फुसलाकर भगाई गई तीन लड़कियों के मामले में पुलिस ने पीड़ित पक्षों की तहरीर पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अगवा की गई लड़कियों की तलाश में पुलिस जुट गई है।
रौनापार थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने आरोप लगाया है कि बीते 13 अगस्त की रात क्षेत्र के आराजी देवारा करखिया ग्राम निवासी अखिलेश पुत्र रामप्रीत पटेल सहित दो लोग उसकी किशोरवय पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले गए। इसी क्रम में देवगांव कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले व्यक्ति का आरोप है कि बीते आठ अगस्त की रात उसकी पुत्री को क्षेत्र के बैरीडीह ग्राम निवासी संजय राम पुत्र श्रीनाथ सहित चार लोग बहला-फुसलाकर भगा ले गए। इस बात की जानकारी होने पर पीड़ित ने जब भी विपक्षियों से पूछताछ की तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। इसी क्रम में मेंहनगर क्षेत्र की रहने वाली महिला का आरोप है कि बीते 14 अगस्त को गुफरान नामक युवक उसकी 16 वर्षीय पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले गया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
दहेज उत्पीड़न के मामले में चार नामजद
दहेज उत्पीड़न की शिकार हुई विवाहिता ने गुरुवार को मेंहनगर थाने में पति समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। मेंहनगर क्षेत्र के बूढ़ापार कुरथिया गांव स्थित अपने मायके में रह रही विवाहिता बबीता का आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर स्थानीय विजयीपुर ग्राम निवासी पति रतनपाल उर्फ विजय पुत्र ध्यान यादव बीते 28 अगस्त की रात उसे मारपीट कर घर से भगा दिया। विरोध करने पर ससुराल वालों ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी।
फांसी लगाकर महिला ने की आत्महत्या

अतरौलिया थाना क्षेत्र के देवरापट्टी गांव में शुक्रवार की सुबह 32 वर्षीय महिला ने घर में दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अतरौलिया क्षेत्र के देवरापट्टी ग्राम निवासी भानु प्रताप यादव क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव के पास किराने की दुकान करता है। शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे भानुप्रताप घर से अपनी दुकान चला गया। इसी बीच मौका पाकर उसकी पत्नी आशा देवी (32) ने घर में दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी दोपहर में हुई जब दुकानदार भोजन करने के इरादे से अपने घर आया। मृतका अंबेडकरनगर जिले के जैतपुर थाना अंतर्गत नवरी बड़ावं ग्राम निवासी मुन्नू यादव की पुत्री बताई गई है। इस मामले में मायके वालों का पक्ष नहीं मिल सका है।
BY- RANVIJAY SINGH

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो