scriptइस बार महिलाएं तय करेंगी आजमगढ़ व लालगंज में किसके सिर ताज | Women will decide who won on Azamgarh and Lalganj seat n election 2019 | Patrika News

इस बार महिलाएं तय करेंगी आजमगढ़ व लालगंज में किसके सिर ताज

locationआजमगढ़Published: May 18, 2019 03:32:56 pm

Submitted by:

sarveshwari Mishra

विधानसभाओं में मतदान के मामले में पुरूष पर भारी रही महिलाएं

Loksabha Chunav

Loksabha Chunav

आजमगढ़. अंतिम चरण का मतदान रविवार 19 मई को होना है। वहीं मतगणना की तैयारियां भी अंतिम दौर में है। आजमगढ़ की दोनों सीटों पर 12 मई को मतदान हो चुका है। अब चर्चा सिर्फ इस बात की है कि जीत का सेहरा किसके सिर बंधेगा। सीधी लड़ाई गठबंधन और भाजपा में है। दोनों पक्ष अपनी बड़ी जीत का दावा कर रहे हैं। वहीं राजनीति के जानकार भी आजमगढ़ सीट पर यह बता पाने की स्थित में नहीं है कि कौन सा दल भारी है। वजह आजादी के बाद सर्वाधिक मतदान और महिला मतदाताओं की एकजुटता। लालगंज सीट पर दो महिलाओं में सीधा मुकाबला है लेकिन आजमगढ़ में चुनाव पूरी तरह नेता बनाम अभिनेता है। अब महिलाओं ने अखिलेश के विकास के दावे पर भरोसा किया है या फिर निरहुआ का ग्लैमर भारी पड़ा है यह बता पाने की स्थित में कोई नहीं है। यह साफ है कि महिलाएं जिसके पक्ष में गई होंगी जीत का सेहरा उसके सिर बंधना तय है।

बता दें कि आजमगढ़ व लालगंज दोनों ही सीटों पर अब तक की सर्वाधिक वोटिंग हुई है। लालगंज संसदीय सीट पर गठबंधन से संगीता आजाद और बीजेपी से सांसद नीलम सोनकर मैदान में है। इनके अलावा 13 अन्य प्रत्याशी विभिन्न दलों से व निर्दल मैदान में है लेकिन इन्हें सिर्फ वोट कटवा माना जा रहा है। वहीं मुलायम सिंह यादव की संसदीय सीट आजमगढ़ से भाजपा ने दिनेश लाल यादव निरहुआ को मैदान में उतारा है तो गठबंधन से सपा मुखिया अखिलेश यादव किस्मत आजमा रहे हैं। इनके सामने पिता की विरासत को संभालने की चुनौती भी है। इस सीट पर भी 13 अन्य प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं।

बात करें महिलाओं के मतदान की तो आजमगढ़ संसदीय सीट पर 61.44 फीसद और लालगंज (सुरक्षित) में 59.67 फीसद महिलाओं ने मतदान किया है। रहा सवाल पुरूषों का तो आजमगढ़ में 54.00 फीसद और लालगंज में 49.94 फीसद पुरुष मतदाताओं ने वोट डाला है।

विधानसभावार देखें तो अतरौलिया विधानसभा में 54.86 प्रतिशत पुरूष 63.31 प्रतिशत महिला, निजामाबाद में 50.62 पुरूष व 58.33 महिला, फूलपुर-पवई में 51.84 प्रतिशत पुरूष 60.33 महिला, दीदारगंज में 46.40 पुरूष तथा 58.22 प्रतिशत महिला एवं लालगंज में 46.83 पुरूष एवं 58.54 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान किया है।

इसी तरह आजमगढ़ संसदीय सीट के गोपालपुर विधानसभा में 53.37 प्रतिशत पुरूष 62.38 प्रतिशत महिला, सगड़ी में 53.41 प्रतिशत पुरूष 62.69 महिला, मुबारकपुर में 58.02 प्रतिशत पुरूष 62.57 महिला, आजमगढ में 56.57 पुरूष 60.27 प्रतिशत महिला तथा मेंहनगर में 49.18 पुरूष 59.78 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान किया है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो