बताते हैं कि मुंबई जाने वाली गोदान एक्सप्रेस बुधवार को जैसे ही फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के मनरा गांव के पास पहुंची तभी एक युवक ने उसके आगे छलांग लगा दी। इंजन से टकराने के कारण युवक के शरीर के परखच्चे उड़ गए। आसपास खेती का काम कर रहे लोगों ने युवक को आत्महत्या करते देख पुलिस को घटना की सूचना दी।
फूलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव के पहचान का प्रयास किया। घंटो की मशक्कत के बाद युवक की पहचान सरायमीर थाना क्षेत्र के कड़छा गांव निवासी 23 वर्षीय यशवंत पुत्र नरसिंह के रूप में हुई। मृतक के पिता सरायमीर उपकेंद्र पर लाइनमैन हैं। उन्होंने ही यशवंत को संविदा पर काम दिलाया था।
घटना की जानकारी होने पर नरसिंह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोप लगाया कि पड़ोस के एक युवक ने अपनी पत्नी के साथ यशवंत की फोटो खींच लिया था। इसके बाद से ही वह फोटो दिखा कर उसे ब्लैकमेल करता था। कहता था कि मेरे पत्नी का खर्चा चलाओ नहीं तो दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करा दूंगा। लगातार उत्पीड़न से क्षुब्ध होकर यशवंत ने ट्रेन से कट कर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
BY Ran vijay singh