scriptगोडाउन किए सील, बिना गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं की बढ़ी परेशानी | Godown seal, consumers troubled for gas cylinders for in Badwani | Patrika News

गोडाउन किए सील, बिना गैस सिलेंडर उपभोक्ताओं की बढ़ी परेशानी

locationबड़वानीPublished: Sep 21, 2015 11:14:00 pm

कार्रवाई कर भूला प्रशासन, सिलेंडर के लिए भटक रहे उपभोक्ता, गृहिणियों की बढ़ी परेशानी, कालाबाजारियों की हो रही चांदी।

Gas Connection

Gas Connection

बड़वानी। इंडेन गैस एजेंसी का गोडाउन सील हो जाने से अब उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। प्रशासन ने तीन दिन पूर्व शनिवार को पाटी नाका स्थित इंडेन गैस एजेंसी के गोडाउन और इंडियन ऑइल के पेट्रोल पंप को सील कर दिया है। दोनों आमने-सामने संचालित होने से प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया और दोनों को सील कर दिया।

ये कार्रवाई झाबुआ जिले के पेटलावद में हुई विस्फोट की घटना से सबक लेते हुए की गई है, लेकिन गैस गोडाउन सील हो जाने से अब सिलेंडर मिलना बंद हो गए हैं। इससे कालाबाजारियों की जरुर चांदी हो रही है। शहर में इंडेन गैस एजेंसी से सर्वाधिक उपभोक्ताओं के कनेक्शन है, उस पर भी गोडाउन सील होने के बाद अन्यत्र स्थान से सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है।

जिससे उपभोक्ताओं की खासी फजीहत हो रही है। सबसे अधिक परेशानी गृहिणियों की बढ़ गई है। जिनके सामने ईधन की समस्या खड़ी हो गई है। अब उपभोक्ताओं को सिलेंडर कब से मिलेंगे, इसे लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो रही है। एजेंसी संचालक भी संतुष्टीपूर्ण जवाब उपभोक्ताओं को नहीं दे रहे हैं। जिस गोडाउन को सील किया गया है, उसके 11,500 उपभोक्ता हैं।

स्टोव व चूल्हा जलाने की मजबूरी

शहर में इंडेन गैस एजेंसी के हजारों उपभोक्ताओं के कनेक्शन है। इनमें से बुकिंग के आधार पर 19 सितंबर के बाद कई उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर मिलने थे, लेकिन अचानक गोडाउन सील हो जाने से ये उपभोक्ता खाली हाथ रह गए। अब गृहिणियों को मजबूरन स्टोव व चूल्हे का सहारा लेना पड़ रहा है। कई उपभोक्ता सिलेंडर की जुगाड़ करने में लगे हुए हैं।

800 से एक हजार रुपए में बिक रहे सिलेंडर

गैस गोडाउन सील हो जाने से सिलेंडरों की अचानक किल्लत हो गई है। इस समस्या का फायदा कालाबाजारी उठा रहे हैं, जो कि चोरी-छिपे 8 00 से एक हजार रुपए की कीमत में सिलेंडर बेच रहे हैं। कई उपभोक्ता मजबूरीवश अधिक कीमत देकर सिलेंडर खरीद रहे हैं। गोडाउन सील हो जाने से नई बुकिंग भी नहीं की जा रही है। जिससे उपभोक्ताओं को आने वाले दिनों में भी सिलेंडर न मिलने की समस्या झेलना पड़ेगी।

सिर पर त्यौहार, बढ़ी चिंता

आगामी दिनों में हिन्दू-मुस्लिम दोनों ही संप्रदाय के प्रमुख त्यौहार है, ऐसे में इस तरह गैस सिलेंडर की समस्या खड़ी हो जाने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। वर्तमान में गणेशोत्सव के चलते प्रतिदिन विभिन्न आयोजन हो रहे हैं, वहीं 27 सितंबर को अनंत चतुर्दशी है। इसके अलावा मुस्लिम समाज का ईदुज्जुहा (बकरीद) पर्व भी है। ऐसे में गैस सिलेंडरों की समस्या ने सभी को चिंता में डाल दिया है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो