दरअसल, इन दिनों जयंत चौधरी अपनी जिंदगी की व्यवस्ताओं में से कुछ समय अपने दादा पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह की कर्मस्थली बागपत में बिता रहे हैं। पिछले कई दिन से वह बागपत भ्रमण पर हैं। शनिवार को जयंत चौधरी, पत्नी चारु चौधरी व दोनों बेटियों सायरा-एलिसा के साथ जोहडी गांव पहुंचे थे। जहां उन्होंने दादियों संग सेल्फी के साथ उनसे आशीर्वाद लिया। इस बीच जयंत चौधरी व चारु चौधरी ने दोनों शूटर दादियों को शॉल ओढ़ाते हुए पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह की पुस्तक भी भेंट की। फिल्म सांड की आंख के बारे में भी जयंत व चारु ने जानकारी लेते हुए इसे सभी के लिए गौरव की बात बताया।
इस दौरान जयंत ने लड़कियों से दोनों दादियों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। जयंत चौधरी की दोनों बेटियों ने दादी से उनकी शूटिंग के बारे में भी बात की। उल्लेखनीय है कि जब से शूटर दादियों पर फिल्म सांड की आंख आयी है तब से बागपत की शूटर दादियां और बड़ी सेलेब्रिटी हो गयी हैं। इसके साथ बागपत से उनका होना भी बडा मायने रखता है। वहीं बागपत का इतिहास महाभारत और रामायण काल से जोड़कर देखा जाता है। यही वजह है कि जयंत चौधरी अपने परिवार को लेकर बागपत का भ्रमण कर रहे हैं।