scriptभाजपा ने दो बार ताला जड़ा, कांग्रेस ने तोड़ा | BJP lock twice, Congress broke | Patrika News

भाजपा ने दो बार ताला जड़ा, कांग्रेस ने तोड़ा

locationबगरूPublished: Oct 10, 2019 04:41:11 pm

Submitted by:

Ramakant dadhich

भाजपा पार्षदों ने बुधवार दोपहर ताला लगाकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया

भाजपा ने दो बार ताला जड़ा, कांग्रेस ने तोड़ा

भाजपा ने दो बार ताला जड़ा, कांग्रेस ने तोड़ा

चौमूं. नगरपालिका प्रशासन के खिलाफ नगरपालिका अध्यक्ष व उपाध्यक्ष रमेश चौधरी के नेतृत्व में भाजपा पार्षदों ने बुधवार दोपहर ताला लगाकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। आधा घंटे बाद कांग्रेस पार्षद प्रतिनिधि ने ताला तोड़ दिया। इसे लेकर दोनों पार्टियों के पार्षदों में कहासुनी भी हुई। नेता प्रतिपक्ष व पालिकाध्यक्ष के बीच नोक-झौंक हुई। बाद में पालिकाध्यक्ष ने दुबारा ताला लगा दिया। दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बनी रही। सूचना पर पहुंची पुलिस भी बेबस नजर आई। पालिकाध्यक्ष ने मौके पर एसडीएम बुलाने की मांग की, जिस पर पुलिस और कार्यवाहक ईओ ने एसडीएम को फोन पर अवगत करवाया, लेकिन वे मौके पर नहीं पहुंचे। बाद में दो घंटे बाद कांग्रेस की एक महिला पार्षद ने कुछ महिलाओं के साथ पहुंचकर ताला तोड़ दिया। इसके बाद कार्यालय में बंद नेता प्रतिपक्ष को बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार दशहरे पर मंगलवार रात नगरपालिका की ओर से आयोजित रावण दहन कार्यक्रम के दौरान पालिकाध्यक्ष एवं कार्यवाहक अधिशासी अधिकारी के बीच मंच पर बैनर लगाने की बात को लेकर नोक-झोक हो गई थी। इसे लेकर भाजपा पार्षद आक्रोशित थे। बुधवार को विभिन्न समस्याओं के निस्तारण, अध्यक्ष के अधिकारों का हनन एवं कार्यवाहक अधिशासी अधिकारी को निलम्बित करने की मांग को लेकर दोपहर १.३० बजे पालिकाध्यक्ष, उपाध्यक्ष रमेश चौधरी, भाजपा पार्षद श्यामकरमवीर शर्मा, मुकेश कुमावत, कुंदन सिंह शेखावत, मनोज अग्रवाल, राहुल शर्मा, अनिल मीणा, प्रहलाद टेलर, मुकेश सैनी, बंशीधर डागर, धर्मेन्द्र बंजारा, पार्षद प्रतिनिधि राहुल बागड़ा, दौलत सिंह, भाजपा नगर महामंत्री महेश सेरावत, पूर्व प्रतिपक्ष नेता एनआर यादव समेत अन्य लोग पालिका कार्यालय पहुंचे, जहां अध्यक्ष व अन्य लोगों ने कर्मचारियों को बाहर निकालकर चैनल गेट पर ताला जड़ दिया। साथ ही पालिका परिसर में पालिका प्रशासन के खिलाफ धरना शुरू कर दिया। इसकी जानकारी मिलने पर कांग्रेस पार्षद व नेता प्रतिपक्ष एवं अन्य कांग्रेसी मौके पर पहुंच गए।

पार्षद प्रतिनिधि ने तोड़ा ताला, फिर जड़ा
पार्षद प्रतिनिधि कमल भातरा ने पार्षद महेश यादव की मदद से पालिका कार्यालय के मुख्य चैनल गेट पर लगे ताले को तोड़ दिया। बाहर खड़े कर्मचारियों को कार्यालय के कक्षों में भेज दिया। इसी दौरान पालिकाध्यक्ष व उनके सहयोगी पार्षद भी अंदर चले गए, जहां उनकी अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष शैलेन्द्र चौधरी के बीच जोरदार कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि अध्यक्ष ने अभद्रता करने का आरोप जड़ते हुए मामला तक दर्ज कराने की बात कह डाली। इसके बाद अध्यक्ष व पार्षदों ने दुबारा कर्मचारियों से बाहर निकलने की कहकर चैनल गेट पर ताला जड़ दिया। इस बारे में कई कर्मचारियों के साथ नेता प्रतिपक्ष भी अंदर ही रहे। दुबारा ताले लगाने के बाद भाजपा और कांग्रेस पार्षदों ने एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

पुलिस भी बेबस आई नजर
सूचना पर पहुंचे सब इस्पेक्टर रामपाल एवं एएसआई क्रोस्ता मय पुलिसकर्मियों के मौके पर पहुंची। अध्यक्ष ने मौके पर डीएलबी के अधिकारियों या एसडीएम को बुलाने की मांग रखी। इसके बाद ताला खोलने का आश्वासन दिया। इसी दौरान कार्यवाहक अधिशासी अधिकारी सूर्यकांत शर्मा भी कार्यालय पहुंचे। अधिशासी अधिकारी ने ताला खोलने की कोशिश करवानी चाही तो चैनल गेट पर पालिकाध्यक्ष व अन्य भाजपा पार्षद जमा हो गए, जिस पर अधिशासी अधिकारी ने पुलिस से उनको हटाने के लिए कहा तो पुलिस विरोध के चलते बेबस नजर आई और अधिशासी अधिकारी से संबंधित लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाने को कहा। इसके बाद एसडीएम को अधिशासी अधिकारी ने मामले से अवगत करवाया। पुलिस से भी बात करवाई गई, लेकिन वे मौके पर नहीं पहुंच पाए।

ट्रेंडिंग वीडियो