बोर्ड बनते ही ड्रामा शुरू, एक दिन में दो ईओ एपीओ, थाने पहुंचा विवाद
पालिकाध्यक्ष ने तोडफ़ोड़ व दस्तावेज चोरी का आरोप लगाया

जयपुर. नगरपालिका बगरू में शुक्रवार को कुछ ही घंटों के बीच दो अधिशाषी अधिकारियों के पदभार ग्रहण किए जाने का मामला थाने तक पहुंच गया। देर शाम पालिका अध्यक्ष की अनुपस्थिति में महिला ईओ के पदभार ग्रहण करने के बाद शनिवार सुबह थाने में शिकायत दर्ज कराई है। जिसमें पालिका अध्यक्ष मालुराम मीणा ने थाने में तीन दर्जन से अधिक लोगों पर शुक्रवार रात पालिका भवन स्थित अध्यक्ष के चैंबर में घुसकर तोडफ़ोड़ कर सरकारी व निजी दस्तावेजों को फाडऩे व चोरी करने की शिकायत की है।
शिकायत में बताया कि शुक्रवार को शाम 6 बजे एपीओ हुए ईओ अजय अरोड़ा ने नए अधिशाषी अधिकारी महिपालसिंह को चार्ज दिया और वे उनके साथ ऑफिस से निकल गए थे। रात करीब 8-9 बजे के बीच नगरपालिका भवन में गिर्राज चौधरी, संदीप पाटनी, नितिन भारद्वाज, मोनू पाटनी, जयराम कुमावत, बद्रीनारायण छीपा, बजरंगलाल मीणा, फिरोज खान, नौशाद लुहार सहित तीन दर्जन से अधिक लोग एक महिला अधिकारी के साथ पालिका भवन में अध्यक्ष के चैंबर के गेट को खोलकर अंदर घुस गए।
चैंबर में आने के बाद इन लोगों के साथ आई महिला जिसका नाम वर्षा चौधरी हैं, उसने अनाधिकृत रूप से अध्यक्ष की सीट पर बैठ कर फोटो खिंचवाई। इसके बाद उनके साथ आए लोगों ने पालिका अध्यक्ष की सीट के पीछे बने शीशे की अलमारी को तोड़ा व महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेजों को फाड़ दिया तथा दस्तावेज निकाल कर ले गए। शनिवार सुबह नगरपालिका भवन पहुंचे तो शीशे टूटे देखकर पुलिस को मौका मुआयना कराया।
एक दिन में दो ईओ एपीओ, रही चर्चा
पालिका में शुक्रवार को दिन में नवनियुक्त ईओ महिपालसिहं ने एपीओ हुए अजय अरोड़ा से पालिकाध्यक्ष मालुराम की मौजूदगी में कामकाज संभाला। इसके बाद शुक्रवार को ही महिपालसिंह को एपीओ कर दिया गया। इसके बाद वर्षा चौधरी को अधिशासी अधिकारी लगा दिया गया। रात को ही वर्षा चौधरी ने कांग्रेस पार्षदों सहित कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में ज्वाइन कर विभाग को सूचना भेज दी। चर्चा है कि पहले तो पालिकाध्यक्ष के पक्ष का ईओ लगाया गया है फिर इसका कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पता चलते ही विधायक द्वारा दूसरा ईओ लगवा दिया गया है।
इनका कहना है..
पालिका में ईओ महिपालसिंह को ज्वाइन करा दिया था। शुक्रवार शाम को पता लगा कि पालिका में भीड़ लगी है। रात को ही मोबाइल पर नवनियुक्त ईओ वर्षा चौधरी की ज्वाइनिंग की फोटो देखी। जब ज्वाइन ही करना था तो मुझे सूचना दी जाती। पालिका में कुछ लोगों ने तोडफ़ोड़ की। सुबह पहुंचा तो शीशे टूटे हुए थे। दस्तावेज भी गायब थे। इसकी पुलिस थाने में शिकायत भी दर्ज कराई है।
- मालुराम मीणा, पालिकाध्यक्ष, बगरू
अब पाइए अपने शहर ( Bagru News in Hindi) सबसे पहले पत्रिका वेबसाइट पर | Hindi News अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें Patrika Hindi News App, Hindi Samachar की ताज़ा खबरें हिदी में अपडेट पाने के लिए लाइक करें Patrika फेसबुक पेज