script

भारत नेपाल सीमा पर बाथरूम में लहूलुहान मिला जवान का शव

locationबगरूPublished: Feb 04, 2022 11:36:14 pm

Submitted by:

Narottam Sharma

जयपुर जिले के गांव बधाल पहुंचा जवान का शव, परिजनों ने लेने से किया इनकार।

बधाल चौकी में रखा जवान का शव व फाइल फोटो।

बधाल चौकी में रखा जवान का शव व फाइल फोटो।

जयपुर. भारत नेपाल सीमा (India Nepal border) पर स्थित 39वीं बटालियन एसएसबी गद्दनिया में आरक्षी के पद पर तैनात जयपुर (Jaipur) जिले के बधाल निवासी जवान का गुरुवार दोपहर वहां बाथरूम में खून से लथपथ मिला। इसके बाद शुक्रवार शाम साढ़े सात बजे उसका शव लेकर साथी पैतृक गांव बधाल में पहुंचे तो परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया। यहां अस्पताल के पास ग्रामीण एकत्र हो गए और जवान को शहीद का दर्जा देने, सैन्य सम्मान से अंतिम संस्कार करने की मांग पर अड़ गए। बाद में चौकी पुलिस पहुंची और समझाइश की। सूचना पर रेनवाल थानाधिकारी मय जाब्ते पहुंचे। देर रात तक परिजन शव लेने से इनकार करते रहे। बाद में समझाइश पर परिजन माने और शव को पुलिस चौकी बधाल में रखवा दिया। जानकारी के अनुसार बधाल निवासी सुरेंद्र कुमार यादव उम्र 34 आरक्षी के पद पर 39वीं बटालियन एसएसबी गद्दनिया में तैनात था। ड्यूटी के दौरान उसका शव बाथरूम में मिला। शव खून से लथपथ था और गला रेता हुआ था।
घर में मचा कोहराम, गांव में मातम
पैतृक गांव बधाल में परिजनों को मौत का समाचार मिला तो घर में कोहराम मच गया। गांव में मातम छा गया। परिजनों ने बताया कि किसी साजिश के तहत उसकी हत्या की गई है। रेनवाल थाना प्रभारी उमराव सिंह ने बताया कि परिजनों से समझाइश की है। सुबह अलवर से सेना की टुकड़ी पहुंचेगी। जिसके बाद गार्ड ऑफ ऑनर के साथ जवान का अंतिम संस्कार होगा। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए भी बटालियन के अधिकारियों को कहा है। इसके बाद परिजन सुबह दाह संस्कार के लिए सहमत हुए।
एसएसबी मुख्यालय में घटना से हड़कंप
जानकारी के अनुसार सीमा पर घटना के बाद मौके पर पहुंचे जवान उसे पीलिया सीएचसी ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसएसबी मुख्यालय में घटना से हड़कंप मच गया। कमांडेंट सहित कई अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे व साथियों से पूछताछ की।
सभी को खाना खिलाया
वाह्य पोस्ट मिर्चिया पर घटना गुरुवार दोपहर 2:00 बजे हुई। जवान ने सभी साथियों को खाना खिलाया व खुद भी खाया। उसकी ड्यूटी मैस में ही थी। सुरेंद्र आरक्षी (सामान्य कर्तव्य) पर तैनात था।
मां-पत्नी, दो बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
जवान के पिता भंवरलाल की 18 साल पहले मौत हो चुकी है। माता गीता देवी, पत्नी लक्ष्मी देवी, पुत्र धीरेंद्र 7 वर्ष, हार्दिक 5 वर्ष का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।

ट्रेंडिंग वीडियो