थानाधिकारी वीरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि मृतका सुनीता (30) पत्नी सांवरमल ग्राम तिबारिया, जोबनेर की रहने वाली थी। वह पिछले पांच महीने से सीकर में पिपराली रोड स्थित निजी हॉस्टल में वॉर्डन का काम कर रही थी। रविवार सुबह करीब साढे नौ बजे सांवरमल हॉस्टल में आया। उसके हाथ में ईंट थी। हॉस्टल के चैनल गेट के पास ही सुनीता कुर्सी पर पीछे की ओर पीठ कर बैठी हुई थी। सांवरमल ने पीछे से उसके सिर में ईंट से ताबड़तोड़ से वार करना शुरू कर दिया। सुनीता नीचे फर्श पर बेहोश होकर गिर पड़ी। सांवरमल फर्श पर भी उसके सिर में ईंट से वार करता रहा।
लोगों ने मौके पर ही दबोचा
इसी दौरान हॉस्टल की छात्राएं वहां पर आ गई। लहूलुहान वार्डन को देख आसपड़ोस के लोगों को बुलाया। स्थानीय लोगों ने आरोपी सांवरमल को पकड़ लिया। सांवरमल ने मौके से भागने का प्रयास किया। उसने लोगों के हाथ पर भी काट लिया। लेकिन लोगों ने उसे घेरे रखा। सूचना मिलने पर थानाधिकारी के साथ पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। लोगों ने आरोपी को पकड़ कर पुलिस हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। उधर, मृतका के परिजनों का कहना है कि सुनीता का उसके पति के साथ कई दिनों विवाद चल रहा था। पुलिस मृतका के पति से घटना के बारे में पूछताछ कर रही है।
12 साल पहले हुई शादी
मृतका के परिजनों ने बताया कि उसकी शादी 12 साल पहले सांवरमल के साथ हुई थी। उसके आठ वर्षीय बेटा भी है। उधर, घटना के बाद मृतका के पीहर में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि कई दिनों से सांवरमल व उसकी पत्नी के बीच विवाद चल रहा था।