scriptसामोद पहाड़ी से फिर खिसकी चट्टान | landslide near samod hanuman tamle | Patrika News

सामोद पहाड़ी से फिर खिसकी चट्टान

locationबगरूPublished: Jul 08, 2018 11:44:06 pm

Submitted by:

Kashyap Avasthi

हनुमान मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को हादसे का अंदेशा

jaipur rural news

सामोद पहाड़ी से फिर खिसकी चट्टान

सामोद. वीर हनुमान मंदिर सामोद पर्वत के नांगल भरड़ा खोल से मंदिर की ओर जाने वाली सीढिय़ों पर एक बार फिर चट्टान खिसक कर आ गई। इस बार भी चट्टान खिसकने की घटना रात के समय हुई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। अगले दिन जब श्रद्धालुओं की भीड़ दर्शनों के लिए पहुंची तो कई शिलाएं सीढिय़ों पर नजर आई। इनसे बचकर श्रद्धालु दर्शनों के लिए मंदिर तक पहुंचे।
अप्रेल माह में भी इस मंदिर की पहाडिय़ों की चट्टान खिसककर सीढिय़ों में आ गई थी। इस मामले को गंभीर मानते हुए उपखंड अधिकारी ने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित भी किया था लेकिन इसके बाद भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए कोई प्रयास नहीं किए गए। विभाग के कर्मचारियों ने सीढिय़ों में झूलती चट्टानों व शिलाओं को हटाया भी था। इसके बाद ही शुक्रवार रात को एक और शिला के दो-तीन टुकड़े सीढिय़ों के रास्ते में आकर गिरे।
कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
वीर हनुमान मंदिर सामोद के नागल भरड़ा खोल के सीढिय़ों वाले रास्ते के ऊपर कई चट्टानें झूल रही हैं। जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। दो बार हुई घटनाएं रात के समय होने से जनहानि नहीं हुई। गौरतलब है कि शनिवार व मंगलवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शनों के लिए आते हैं।
इनका कहना है…
वन विभाग के कर्मचारियों ने गुरुवार को रास्ते से शिलाएं हटाई थी लेकिन अगले दिन भी शुक्रवार रात फिर से चट्टान खिसकने की घटना हुई। बार-बार हो रही घटनाओं से श्रद्धालुओं में भय व्याप्त हो रहा है। शनिवार को भी श्रद्धालु शिलाओं से बचकर मंदिर तक पहुंचे।
– अवध बिहारीदास महाराज, महंत वीर हनुमान मंदिर, सामोद
——————————–

विभाग के कर्मचारियों ने गुरुवार को ही पत्थर व शिलाएं हटाकर मार्ग की सफाई की थी। शुक्रवार रात को फिर से शिलाओं के खिसकने की जानकारी मिली, जिसे दिखवाता हूं।
– नरेंद्र बल सिंह, रैंजर वन विभाग, हाड़ोता
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो