जिले के 1345388 मतदाता चुनेंगे 6 विधानसभा क्षेत्र से 6 विधायक
बालाघाटPublished: Oct 08, 2023 10:09:29 pm
वर्ष 2018 की तुलना में 96342 मतदाताओं का हुआ इजाफा
सबसे अधिक लांजी तो सबसे कम कटंगी विस क्षेत्र में है मतदाताओं की संख्या


बालाघाट. विधानसभा चुनाव नजदीक है। जिले के 6 विधानसभा क्षेत्र में इस वर्ष 1345388 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। ये मतदाता 6 विधायकों का निर्वाचन भी करेंगे। वर्ष 2018 की तुलना में इस विधानसभा चुनाव में मतदाताओं की संख्या में इजाफा भी हुआ है। मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद जिले के 6 विधानसभा क्षेत्रों में 96342 मतदाता बढ़े हैं। मतदाता सूची के अनुसार जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में कटंगी विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या सबसे कम है। जबकि सबसे अधिक मतदाता लांजी विधानसभा क्षेत्र में है।
जानकारी के अनुसार भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 4 अक्टूबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया। अंतिम मतदाता सूची में 2 अगस्त के बाद 6 विधानसभा क्षेत्रों में 31207 नए मतदाता जुड़े है। इस तरह से जिले में अब मतदाताओं की संख्या 1345388 हो गई है। जिसमें 678470 महिला और 666908 पुरुष मतदाता है। ये ही मतदाता आगामी विधानसभा चुनाव में अपने मतों का प्रयोग करेंगे।
कटंगी विस क्षेत्र में है कम मतदाता
मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद सबसे कम मतदाता वाला विधानसभा क्षेत्र कटंगी बन गया है। कटंगी विस क्षेत्र में 202799 मतदाता है। जबकि सबसे अधिक 248904 मतदाता लांजी विधानसभा क्षेत्र में है। हालांकि, इन दोनों ही विधानसभा क्षेत्र में वर्ष 2018 के चुनाव की तुलना में मतदाताओं की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है।
महिला मतदाता होंगी निर्णायक
वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव की तरह ही इस वर्ष के चुनाव में भी महिला मतदाता निर्णायक होंगी। दरअसल, मतदाता सूची में महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है। जानकारी के अनुसार जिले के 6 विधानसभा क्षेत्रों में 678470 महिला तो 666908 पुरुष मतदाता है। इस लिहाज से आगामी विधानसभा चुनाव में भी महिलाओं का मतदान काफी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
वर्ष 2018 में थे 1249046 मतदाता
वर्ष 2018 में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में 6 विधानसभा क्षेत्रों में 1249046 मतदाता थे। जिसमें 624375 पुरुष और 624662 महिला मतदाता शामिल थे। चुनावी प्रक्रिया में जिले के 80.60 प्रतिशत मतदाताओं ने ही मतदान में हिस्सा लिया था। जिसमें महिला मतदाताओं का प्रतिशत अधिक था। वर्ष 2018 के चुनाव में 81.33 प्रतिशत महिला तो 79.88 प्रतिशत पुरुष मतदाताओं ने मतदान किया था। वर्ष 2018 की मतदाता सूची की तुलना में इस वर्ष 96342 मतदाताओं का इजाफा हुआ है।