गांव पहुंचा प्रशासनिक अमला, पीडि़त परिवार से की मुलाकात
गांव में बिजली, सड़क की समस्या का होगा निदान
सीएचसी बिरसा को मिलेगी एंबुलेंस
गमगीन माहौल में हुआ पांचों मृतकों का अंतिम संस्कार
बालाघाट
Published: June 09, 2022 09:52:10 pm
बालाघाट/बिरसा. गुुरुवार को गांव में न केवल मातम पसरा था। बल्कि हर किसी की आंखे नम थी। एक साथ गांव से पांच-पांच अर्थियां निकली। जिसमें एक ही घर से तीन-तीन अर्थियां शामिल थी। मोक्षधाम में पांचों मृतकों का अंतिम संस्कार किया गया। मामला जिले के बिरसा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भूतना के ग्राम कुदान का है। इधर, सीएम के निर्देश के बाद प्रशासनिक अमला भी गांव पहुंचा। पीडि़त परिवार से मुलाकात की। चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। चौपाल के बाद गांव में बिजली, सड़क की समस्या का निदान करने का आश्वासन दिया गया। वहीं अधिकारियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बिरसा का निरीक्षण कर वहां डॉक्टरों से भी चर्चा की। अब सीएचसी में एक एंबुलेंस प्रदान करने सहित अन्य सुविधाएं मुहैया कराए जाने का आश्वासन दिया गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत भूतना के कुदान गांव में कुएं की सफाई के दौरान बुधवार को पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं एक गंभीर रुप से घायल हो गया।सभी लोग कुएं में जहरीली गैस की चपेट में आ गए थे। इस घटना में पुनीत पिता लेखराम खुरचांदे (30), कुन्नु पिता लेखराम (28) खुरचांदे, मन्नु पिता लेखराम खुरचांदे (20), तामेश्वर पिता लालजी (20) और तीजलाल पिता खुखराम मरकाम (28) सभी निवासी कुदान की मौत हो गई। जबकि पालकराम पिता मुकुन्द्र (32) निवासी कुदान की हालत गंभीर थी। जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बिरसा में भर्ती कराया गया था। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया था। घायल का जिला चिकित्सालय में उपचार जारी है। इस घटना पर प्रदेश के सीएम, जिले के प्रभारी मंत्री ने भी दुख जताया है। वहीं घटना के बाद ग्रामीणों में काफी आक्रोश था। आक्रोशित ग्रामीणों ने देर रात्रि तक बिरसा अस्पताल के सामने प्रदर्शन किया। हालांकि, बाद में प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश पर उन्होंने अपना प्रदर्शन समाप्त किया।
चौपाल लगाकर ग्रामीणों की सुनी समस्या
मुख्यमंत्री के निर्देश पर गुरुवार को कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, एसपी समीर सौरभ, जिपं सीईओ विवेक कुमार, बैहर एसडीएम तन्मय वशिष्ट शर्मा, तहसीलदार देवंती परते, जपं बिरसा सीईओ अजित बर्वा सहित अन्य अधिकारी कुदान गांव पहुंचे। वहीं बैहर के पूर्व विधायक भगत नेताम भी कुदान गांव पहुंचे। इस दौरान अधिकारियों ने पीडि़त परिवार से मुलाकात की। पीडि़त परिवार को जिला रेडक्रॉस की ओर से अंत्येष्टि सहायता राशि प्रदान की। इसके अलावा प्राकृतिक आपदा से होने वाली क्षति के लिए भी आर्थिक सहायता प्रदान की। इसके बाद गांव में ही चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। चौपाल में ग्रामीणों ने गांव में बिजली, सड़क की मुख्य समस्या से अवगत कराया। जिस पर कलेक्टर ने दोनों ही समस्याओं का शीघ्र निराकरण किए जाने का आश्वासन दिया।
बिरसा अस्पताल का निरीक्षण कर देखी व्यवस्थाएं
इधर, प्रशासनिक अमले ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बिरसा पहुंचकर अस्पताल का निरीक्षण किया। केन्द्र की व्यवस्थाएं देखी। बेड के समीप ऑक्सीजन नहीं होने पर कर्मचारियों को फटकार भी लगाई। इधर, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बिरसा में अब एक एंबुलेंस और फ्रीजर की व्यवस्था कराए जाने की बात कही। साथ ही स्वास्थ्य विभाग में जो कमियां उसे दूर करने के निर्देश भी दिए।
रोजगार सहायक के परिवार के एक सदस्य को मिलेगी नौकरी
घटना में ग्राम पंचायत भूतना के रोजगार सहायक पुनीत खुरचांदे की भी मौत हो गई। इधर, कलेक्टर ने पीडि़त परिवार में एक सदस्य को संविदा नौकरी प्रदान किए जाने का आश्वासन दिया। ताकि पीडि़त परिवार को जीवन-यापन में परेशानी न हो।

गांव पहुंचा प्रशासनिक अमला, पीडि़त परिवार से की मुलाकात
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
