नप बैहर में एक राय तो नपा मलाजखंड में नहीं बन पा रही आम सहमति
बालाघाटPublished: Oct 13, 2022 09:52:35 pm
नगर परिषद बैहर से यशवंती गुड्डा मरकाम होगी भाजपा की ओर से अध्यक्ष पद की दावेदार
मलाजखंड में तत्कालीन अध्यक्ष मीना मर्सकोले, मानसिंह मेरावी दौड़ में शामिल


नप बैहर में एक राय तो नपा मलाजखंड में नहीं बन पा रही आम सहमति
बालाघाट. नगरीय निकाय में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के निर्वाचन को लेकर जैसे-जैसे तिथि नजदीक आते जा रही है। वैसे-वैसे अध्यक्ष पद को लेकर दावेदार सक्रिय होते जा रहे हैं। हालांकि, नगर परिषद बैहर में भाजपा की ओर से आम सहमति बन गई है। बैहर में अध्यक्ष पद के लिए वार्ड क्रमांक 11 से निर्विरोध निर्वाचित पार्षद यशवंती गुड्डा मरकाम प्रत्याशी होगी। जबकि नपा मलाजखंड में अभी पार्षद एक राय नहीं हो पाए हैं। मलाजखंड में तत्कालीन अध्यक्ष व वार्ड क्रमांक 3 की पार्षद मीना मर्सकोले और वार्ड क्रमांक 14 से पार्षद मानसिंह मेरावी अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल है। नपा मलाजखंड में जहां भाजपा को पूर्ण बहुमत मिला है। वहीं बैहर में निर्दलीयों के सहारे नगर सरकार बनाने की तैयारी है।
जानकारी के अनुसार नगर परिषद बैहर में वार्ड क्रमांक 11 से निर्विरोध निर्वाचित पार्षद यशवंती गुड्डा मरकाम के नाम पर आमसहमति बन गई है। लेकिन पार्टी ने अभी अधिकृत रुप से नाम की घोषणा नहीं की है। लेकिन माना जा रहा है कि यशवंती मरकाम के नाम पर ही पार्टी अंतिम समय पर मुहर लगाएगी। नगर परिषद बैहर में भाजपा बहुमत के करीब है। यहां पर 15 वार्डों में 6 भाजपाई पार्षद चुनाव जीते हैं। जबकि एक पार्षद निर्विरोध निर्वाचित हुआ है। इस तरह से बैहर में भाजपा के खाते में 7 पार्षद है।
वार्ड क्रमांक 02 के निर्दलीय पार्षद ने दिया समर्थन
नगर परिषद बैहर में वार्ड क्रमांक 02 के निर्दलीय पार्षद बलदेव सिंह उइके ने अपना समर्थन भाजपा को दे दिया है। निर्दलीय पार्षद के समर्थन के बाद बैहर में भाजपा बहुमत में आ गई है। 15 वार्डों वाले इस निकाय में अब भाजपा के पास पूरे 8 पार्षद हो गए हैं। इसके अलावा अन्य निर्दलीय पार्षदों के भी समर्थन देने की संभावना जताई जा रही है। उल्लेखनीय है कि बैहर में भाजपा के 6, कांग्रेस 4 और 4 निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव जीते हैं। पार्षद का चुनाव जीतकर परिषद पहुंचे हैं। जबकि वार्ड क्रमांक 11 से भाजपा का एक प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुआ है।
मलाजखंड में बहुमत लेकिन एक राय नहीं
नगर पालिका परिषद मलाजखंड में भाजपा को पूर्ण बहुमत है लेकिन यहां पार्षद एक राय नहीं हो पा रहे हैं। मलाजखंड में अध्यक्ष पद की दौड़ में दो पार्षदों के नाम पर चर्चा चल रही है। जिसमें तत्कालीन अध्यक्ष व वार्ड क्रमांक 03 से पार्षद मीना मर्सकोले और वार्ड क्रमांक 14 से पार्षद मानसिंह मेरावी का नाम शामिल है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भाजपाई पार्षद इस बार चेहरा बदलना चाह रहे हैं। जिसके चलते तत्कालीन अध्यक्ष के नाम पर वे एक राय नहीं हो पा रहे हैं। जबकि मानसिंह मेरावी के नाम पर पार्षद अपना बहुमत देने तैयार है। हालांकि, मलाजखंड में अभी पार्टी पदाधिकारियों ने कोई निर्णय नहीं लिया है। 24 वार्डों वाले इस निकाय में भाजपा के 13, कांग्रेस के 8 और निर्दलीय 3 प्रत्याशियों ने पार्षद का चुनाव जीते हैं।
दोनों ही निकाय में 17 को होगा नगर सरकार का गठन
नगर परिषद बैहर और नपा मलाजखंड में 17 अक्टूबर को ही नगर सरकार का गठन हो जाएगा। दोनों ही निकाय में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के निर्वाचन के लिए पूर्व में निर्धारित तिथि में कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने संशोधन कर नई तिथि 17 अक्टूबर निर्धारित की है। अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए पीठासीन व सहायक पीठासीन अधिकारी भी नियुक्त कर दिए गए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 17 अक्टूबर को नगर परिषद बैहर के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का निर्वाचन सुबह 11 बजे से नगर परिषद बैहर के सभाहाल में कराया जाएगा। इसी प्रकार नगर पालिका परिषद मलाजखंड के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का निर्वाचन 17 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से नगरपालिका मलाजखंड के सभाहाल में किया जाएगा। बैहर में नगर सरकार के गठन के लिए बैहर एसडीएम तन्मय वशिष्ठ शर्मा को पीठासीन अधिकारी और तहसीलदार राम प्रसाद मार्को को सहायक पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया गया है। नगर पालिका परिषद मलाजखंड में लांजी एसडीएम ज्योति ठाकुर को पीठासीन अधिकारी व तहसीलदार बिरसा दमयंती परते को सहायक पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया गया है।