script

मंडी के सामने अन्नदाता किसान संगठन का धरना प्रदर्शन जारी

locationबालाघाटPublished: May 30, 2018 06:21:06 pm

Submitted by:

mukesh yadav

जिले की सभी 6 मंडियों में समर्थन मूल्य पर किसानों की उत्पाद को नहीं खरीदा जा रहा है।

hadtal

मंडी के सामने अन्नदाता किसान संगठन का धरना प्रदर्शन जारी

बालाघाट। उच्च न्यायालय के मंडियों में किसानों की उत्पाद को समर्थन मूल्य में खरीदी किए जाने के दिए गए फैसले के बावजूद प्रदेश सहित जिले की सभी 6 मंडियों में समर्थन मूल्य पर किसानों की उत्पाद को नहीं खरीदा जा रहा है। बल्कि मंडी प्रबंधन की नजर के सामने बिचौलिये और व्यापारी किसानों की उत्पाद को कम दाम में खरीदकर किसानों का आर्थिक शोषण कर रहे है। यह बात अन्नदाता किसान संगठन के जिलाध्यक्ष दिलीप उपवंशी ने अन्नदाता किसान संगठन के धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कही।
इस दौरान बड़ी संख्या में जिले के किसान साथी और अन्नदाता किसान संगठन के केन्द्रीय अध्यक्ष मुरली मनोहर श्रीवास्तव सहित संगठन के साथी मौजूद थे। गौरतलब हो कि गोंगलई मंडी के सामने विगत 28 मई से अन्नदाता किसान संगठन मंडियो में किसानों की उत्पाद को उच्च न्यायालय के आदेशानुसार समर्थन मूल्य में खरीदी किए जाने के आदेश को लागु कराने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहा है। 30 मई को धरना प्रदर्शन के तीसरे दिन किसानों को संबोधित करते हुए मंडियों में उनके हो रहे शोषण से किसानों को जगाने के लिए संगठन पदाधिकारियों ने किसानों को संबोधित किया। अन्नदाता किसान संगठन का धरना प्रदर्शन 2 जून तक जारी रहेगा। इस दौरान अन्नदाता किसान संगठन के धरना प्रदर्शन को पूर्व विधायक दरबूसिंह, कांग्रेस नेता विशाल बिसेन ने अपना समर्थन दिया।
अन्नदाता किसान संगठन केन्द्रीय अध्यक्ष मुरली मनोहर श्रीवास्तव ने कहा कि सालों से सरकार किसानों का आर्थिक शोषण कर रही है। जिसको लेकर अन्नदाता किसान संगठन माननीय उच्च न्यायालय गया था। जहां मंडी अधिनियम के तहत मंडियो में समर्थन मूल्य का आदेश जारी किये जाने की मांग माननीय न्यायालय से की गई थी। जिसमें माननीय न्यायालय ने अन्नदाता किसान संगठन और किसानों के हक में फैसला दिया। लेकिन सरकार और मंडी प्रबंधन उसे मंडियो में लागु नहीं करवाकर किसानों को शोषण करवा रहा है। जिसे अन्नदाता किसान संगठन बर्दाश्त नहीं करेगा और किसानों की उत्पाद की मंडियों में समर्थन मूल्य पर खरीदी को लेकर संगठन धरना प्रदर्शन कर सरकार को जगाने का प्रयास कर रहा है।
उपस्थितिथि की अपील
अन्नदाता किसान संगठन के जिलाध्यक्ष दिलीप उपवंशी ने कहा कि इस भीषण गर्मी में अन्नदाता किसान संगठन के साथ जो किसान साथी मौजूद होकर धरना प्रदर्शन के माध्यम से उठाई जा रही आवाज को ताकत दे रहे हैं। वह बेकार नहीं जाएगा। उन्होंने इसी तरह से धरना प्रदर्शन को और ताकत प्रदान करने किसान साथियों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थिति की अपील की है।
ये दे रहे धरना
धरना प्रदर्शन में संगठन सचिव गजानन बनोटे, लाखन लिल्हारे, वर्णन श्रीवास्तव, दिलीप लिल्हारे, देवराम धामड़े, सिरपत माहुले, चंद्रशेखर नगपुरे, डॉ विजय किंदरले, दशरथ नगपुरे, अर्जुन नगपुरे, डॉ योगराज पारधी, ईश्वरीप्रसाद बिसेन, राजेश बघेले, रेमन लिल्हारे, खोवेन्द्र तुरकर, एआर राहंगडाले, सुरेन्द्र बिसेन, विनोद मेश्राम, उमाकांत उपवंशी, दिपक पुष्पतोड़े, महेन्द्र गौतम, धनेन्द्र चौधरी, एफएस कमलेश, अनिल उईके, भाऊलाल पारधी सहित जिले के किसान साथी शामिल थे।

ट्रेंडिंग वीडियो