scriptCongress nominated two outside leaders and two MLAs as its candidates. | कांग्रेस ने दो बाहरी नेता तो दो विधायकों को बनाया प्रत्याशी | Patrika News

कांग्रेस ने दो बाहरी नेता तो दो विधायकों को बनाया प्रत्याशी

locationबालाघाटPublished: Oct 15, 2023 10:18:26 pm

Submitted by:

Bhaneshwar sakure

परसवाड़ा से पूर्व विधायक पर भी जताया भरोसा
पार्टी कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

111_2.jpg

बालाघाट. विधानसभा निर्वाचन को लेकर कांग्रेस पार्टी ने रविवार को प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी। इस सूची में जिले के 6 विधानसभा सीटों में से पांच सीटों में प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी गई। कांग्रेस ने इस बाद दूसरे दल से पार्टी की सदस्यता लेने वाले दो नेताओं को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं दो विधायकों (बैहर, लांजी) पर फिर से अपना विश्वास जताया है। जबकि एक विधायक (कटंगी) का टिकट काट दिया गया है। इसके अलावा पूर्व विधायक (परसवाड़ा) को फिर से प्रत्याशी घोषित किया गया है। इधर, प्रत्याशियों के नामों की घोषणा होने के बाद उनके समर्थकों ने जश्न मनाया।
जानकारी के अनुसार कांग्रेस परसवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक मधु भगत, बैहर विधानसभा क्षेत्र से विधायक व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संजय उइके, लांजी विधानसभा क्षेत्र से विधायक हिना कावरे को प्रत्याशी बनाया गया है। जबकि कटंगी विधानसभा क्षेत्र से विधायक टामलाल सहारे को पार्टी ने प्रत्याशी नहीं बनाया है। कटंगी विधानसभा क्षेत्र से पूर्व भाजपा नेता व पूर्व सांसद बोधसिंह भगत पर कांग्रेस ने अपना विश्वास जताया है। इसी तरह बालाघाट विधानसभा सीट पर पूर्व नगर पालिका परिषद बालाघाट अध्यक्ष, पूर्व सपा नेत्री अनुभा मुंजारे को अपना प्रत्याशी बनाया है।
अनुभा ने 21 मई तो बोधसिंह ने 20 सितंबर को थामा कांग्रेस का दामन
सपा नेत्री और पूर्व नगर पालिका बालाघाट अध्यक्ष अनुभा मुंजारे ने 21 मई 2023 को कांगे्रस का दामन थामा था। जबकि पूर्व भाजपा नेता, पूर्व सांसद बोधसिंह भगत ने हाल ही में 20 सितंबर को कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ली थी। ये दोनों ही नेता अन्य दलों से कांग्रेस में आए हैं। कांग्रेस ने इन दोनों ही नेताओं पर अपना विश्वास जताया है। अनुभा मुंजारे ने बतौर समाजवादी पार्टी प्रत्याशी वर्ष 2013, 2018 में बालाघाट विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। इसके अलावा उन्होंने वर्ष 2014 में सपा प्रत्याशी के रुप में लोकासभा का चुनाव भी लड़ा था। लेकिन तीनों ही चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। बोधसिंह भगत वर्ष 2014 में भाजपा प्रत्याशी के रुप में लोकसभा सदस्य निर्वाचित हुए थे। वर्ष 2019 के चुनाव में भाजपा ने उन्हें प्रत्याशी नहीं बनाया था। जिसके चलते उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा था। इस दौरान पार्टी ने उन्हें प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया था।
वारासिवनी में फंसा पेंच
जिले की 6 विधानसभा सीटों में से चार सीटों में तस्वीर साफ हो गई है। वारासिवनी सीट में अभी पेंच फंसा हुआ है। इस सीट पर दोनों ही दलों ने अपने-अपने प्रत्याशी घोषित नहीं किए है। क्षेत्र के मतदाताओं को दोनों ही दलों के प्रत्याशियों के नामों को लेकर काफी उत्सुकता बनी हुई है। वारासिवनी सीट में मौजूदा समय में प्रदीप जायसवाल (निर्दलीय) विधायक है।
बालाघाट में भाजपा ने घोषित नहीं किया प्रत्याशी
बालाघाट विधानसभा सीट में भाजपा अभी तक अपना प्रत्याशी घोषित नहीं कर पाई है। जबकि कांग्रेस ने रविवार को इस सीट से अनुभा मुंजारे को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। इस सीट पर मौजूदा समय में गौरीशंकर बिसेन (भाजपा) विधायक है। बालाघाट और वारासिवनी को छोड़ भाजपा ने चारों विधानसभा क्षेत्रों में प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है।
कटंगी से कांग्रेस विधायक का कटा टिकट
कटंगी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस ने वर्तमान विधायक टामलाल सहारे को प्रत्याशी नहीं बनाया है। पार्टी ने कटंगी से पूर्व सांसद व पूर्व भाजपा नेता बोधसिंह भगत को अपना प्रत्याशी बनाया है। हालांकि, कटंगी से कांग्रेस की ओर से अन्य नेताओं ने भी टिकट की मांग की थी।
Copyright © 2023 Patrika Group. All Rights Reserved.