नगर अध्यक्ष के लिए बैहर में दो तो मलाजखंड में तीन नामों पर चर्चा
बालाघाटPublished: Oct 09, 2022 10:16:20 pm
मलाजखंड में पूर्ण बहुमत तो बैहर में निर्दलीय के सहारे बनेगी भाजपा की नगर सरकार
बैहर में दो निर्दलीयों ने दिया भाजपा को समर्थन


नगर अध्यक्ष के लिए बैहर में दो तो मलाजखंड में तीन नामों पर चर्चा
बालाघाट. नगर परिषद बैहर और नगर पालिका परिषद मलाजखंड में भाजपा की नगर सरकार बनेगी। मलाजखंड में जहां भाजपा को पूर्ण बहुमत मिला है। वहीं बैहर में निर्दलीयों के सहारे नगर सरकार बनाने की तैयारी है। इधर, अध्यक्ष पद को लेकर बैहर में दो तो मलाजखंड में तीन नामों पर चर्चा चल रही है। हालांकि, पार्टी की ओर से किसी का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है।
जानकारी के अनुसार नगर परिषद बैहर में वार्ड क्रमांक 11 से निर्विरोध निर्वाचित पार्षद यशवंती गुड्डा मरकाम और वार्ड क्रमांक 1 से निर्वाचित पार्षद सावित्री नीरु मेरावी के नाम पर चर्चा चल रही है। नगर परिषद बैहर में भाजपा बहुमत के करीब है। यहां पर 15 वार्डों में 6 भाजपाई पार्षद चुनाव जीते हैं। जबकि एक पार्षद निर्विरोध निर्वाचित हुआ है। बैहर में भाजपा के खाते में 7 पार्षद है। यहां नगर सरकार के लिए गठन के लिए भाजपा को केवल एक पार्षद की आवश्यकता है। जानकारी के अनुसार दो निर्दलीय पार्षदों ने भाजपा को अपना समर्थन दे दिया है। जिसके चलते बैहर में भाजपा की नगर सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है। उल्लेखनीय है कि बैहर में भाजपा के 6, कांग्रेस 4 और 4 निर्दलीय प्रत्याशी पार्षद का चुनाव जीतकर परिषद पहुंचे हैं। जबकि वार्ड क्रमांक 11 से भाजपा का एक प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुआ है।
इसी तरह नगर पालिका परिषद मलाजखंड में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ है। 24 वार्डों वाले इस निकाय में भाजपा के 13, कांग्रेस के 8 और निर्दलीय 3 प्रत्याशियों ने पार्षद का चुनाव जीते हैं। मलाजखंड में भाजपा को पूर्ण बहुमत मिला है। इधर, नगर सरकार के गठन को अध्यक्ष पद के दावेदारों की संख्या बढ़ते जा रही है। जिसमें वार्ड क्रमांक 1 से ईश्वरदयाल मरकाम, वार्ड क्रमांक 3 से मीना देवेन्द्र मर्सकोले और वार्ड क्रमांक 14 से मानसिंह मेरावी का नाम अध्यक्ष पद की सूची में शामिल है। इसमें मीना देवेन्द्र मर्सकोले तत्कालीन अध्यक्ष रही है। जिसके चलते अध्यक्ष की सूची में मीना मर्सकोले का नाम सबसे उपर है। इसके बाद ईश्वर मरकाम और तीसरे नंबर पर मानसिंह मेरावी का नाम शामिल है। हालांकि, भाजपा ने मलाजखंड में भी अध्यक्ष पद के लिए नाम घोषित नहीं किए है।
नगर परिषद बैहर
नगर परिषद बैहर में भाजपाई पार्षद के रुप में सावित्री नीरु मेरावी, पूनम निरंजन शर्मा, शिवेन्द्र रामटेके, सुरपति यादव, राजा चौधरी, गणेश खैरवार शामिल है। जबकि कांग्रेसी पार्षद के रुप में अनिता वरकड़े, अजीज खान, शिमला मड़ावी, रंजना सोनवाने शामिल है। वहीं निर्दलीय पार्षद के रुप में बलदेव सिंह उयके, हमीदा बेगम, सुनील कुमार धार्वे और विनोद पांडव शामिल है।
नगर पालिका परिषद मलाजखंड
नगर पालिका परिषद मलाजखंड में भाजपाई पार्षद ईश्वरदयाल मरकाम, मीना देवेन्द्र मर्सकोले, शकुन्तला ठाकरे, सरला मेरावी, सुबेदार सिंह कुशवाहा, विजय सिंह राठौर, मधु शेन्द्रे, मानसिंह मेरावी, वर्षा सुरेश पटले, रुपा बघेल, त्रिवेणी भागवत गोस्वामी, राजेन्द्र राहंगडाले, शंकु अंगेश मेरावी शामिल है। कांग्रेसी पार्षद के रुप में माया टांडिया, अशोक दास टांडिया, विजय धुर्वे, अब्दुल सोहेल, योगेन्द्र कुमार उइके, संजीदा ललित खान, लीला, रोशनी राहंगडाले शामिल है। वहीं निर्दलीय पार्षद के रुप में रमेश नागेश्वर, बसंती राजेश मरकाम, गीता आर्मो निर्वाचित हुए है।