scriptसमर्थन मूल्य पर धान खरीदी-हट्टा केन्द्र प्रभारी को हटाया, प्रबंधक को जारी होगा नोटिस | Hatta center in-charge removed, notice to be issued to manager | Patrika News
बालाघाट

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी-हट्टा केन्द्र प्रभारी को हटाया, प्रबंधक को जारी होगा नोटिस

निरीक्षण के दौरान बारदानों के वितरण में मिली खामियांकलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्रों का किया निरीक्षण

बालाघाटDec 15, 2023 / 09:54 pm

Bhaneshwar sakure

15_balaghat_102.jpg

बालाघाट. किसानों को बारदाना वितरण में खामियां पाए जाने पर हट्टा के केन्द्र प्रभारी सुंदरलाल लिल्हारे को खरीदी प्रक्रिया से हटाने और प्रबंधक ओपी मांडले को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। यह कार्रवाई कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने की है। कलेक्टर ने शुक्रवार को जिले के अलग-अलग धान खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण किया।
जानकारी के अनुसार कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्र लिंगा, हट्टा, सिवनी कला और रजेगांव का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं के अलावा उपार्जन के लिए अपनाई जाने वाली प्रक्रिया का जायजा लिया। किसानों से चर्चा की। केंद्र प्रभारी, प्रबंधक, नोडल अधिकारी और सर्वेयरों के संधारित किए जाने वाली पंजियों का अवलोकन किया। बारदानों और किसानों का मिलान भी किया। निरीक्षण की शुरुआत लिंगा के खरीदी केंद्र से की। इसके बाद हट्टा, सिवनी कला और रजेगांव केन्द्र का निरीक्षण किया। हट्टा केंद्र पर किसानों नेे धान विक्रय क्षमता के साथ पंजीयन कराया। मगर केंद्र में बारदानों के वितरण प्रक्रिया में खामी देखी गई। लिंगा और हट्टा केंद्र पर आंशिक खामी पाए जाने पर कलेक्टर ने इन्हें दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसमें मुख्य रुप से पंजीयन क्षमता और रकबे के अनुसार बारदाने वितरित करने कहा गया है। साथ ही बारदानों वितरण का सत्यापन सहकारिता विभाग के माध्यम से किया जाएगा। कलेक्टर ने सिवनी कला और रजेगांव के खरीदी केंद्रों पर व्यवस्था अच्छी पाए जाने पर सराहना की है।
धान उपार्जन, बारदानों का कराया सत्यापन
हट्टा खरीदी केंद्र पर निर्धारित क्षमता से अधिक बारदानों के वितरण पाए जाने पर कलेक्टर ने सीईओ आरसी पटले और कृषि उपसंचालक से सत्यापन कराया। सत्यापन में किसानों ने धान तो बेचा लेकिन उन्हें ज्यादा मात्रा में बारदाने देना पाया गया। किसानों ने बताया कि कुछ बारदाने खराब है इसलिए ज्यादा संख्या में प्राप्त किए। इसके अलावा जिन किसानों को बारदाने दिए गए उनसे विधिवत पावती नहीं लेना भी देखा।
3 लाख 22 हजार क्विंटल से अधिक धान की हुई खरीदी
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक सीईओ आरसी पटले ने बताया कि अब तक जिले में 7220 किसानों से 3 लाख 22 हजार 317.81 क्विंटल धान खरीदा गया है। जिले में कुल 184 खरीदी केंद्र स्थापित किए गए है। जिले में 117596 किसानों ने पंजीयन कराया है। जबकि 28692 किसानों ने स्लॉट बुकिंग कराया है।

Hindi News/ Balaghat / समर्थन मूल्य पर धान खरीदी-हट्टा केन्द्र प्रभारी को हटाया, प्रबंधक को जारी होगा नोटिस

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो