scriptHusband was doing second marriage while first wife | पहली पत्नी के रहते पति कर रहा था दूसरा विवाह | Patrika News

पहली पत्नी के रहते पति कर रहा था दूसरा विवाह

locationबालाघाटPublished: Oct 16, 2022 09:16:36 pm

Submitted by:

Bhaneshwar sakure

पत्नी ने मौके पर पहुंचकर मचाया हंगामा, रुकवाया विवाह
वारासिवनी थाने में दर्ज कराई शिकायत
वारासिवनी के बौद्ध विहार में हो रहा था विवाह

पहली पत्नी के रहते पति कर रहा था दूसरा विवाह
पहली पत्नी के रहते पति कर रहा था दूसरा विवाह
बालाघाट. पहली पत्नी के रहते हुए एक युवक दूसरा विवाह कर रहा था। सूचना मिलने पर पत्नी मौके पर पहुंची। जमकर हंगामा किया। विवाह रुकवाया। वहीं पति के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामला वारासिवनी थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर मामले को जांच में लिया है।
जानकारी के अनुसार वारासिवनी में स्थित बौद्ध विहार में रविवार को उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब एक शादीशुदा युवक पहली पत्नी को तलाक लिए बगैर दूसरी शादी कर रहा था। इसकी जानकारी मिलते ही पहली पत्नी परिजनों और पुलिस के साथ विवाह स्थल पर पहुंची। दोनों की शादी रुकवाई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी विवाद भी हुआ। कोसमी निवासी पीडि़त महिला रूपा भौतेकर ने बताया कि 2 साल पहले 26 नवम्बर 2020 में उसकी शादी बेलगांव थाना किरनापुर निवासी सुनील पिता रामलाल भौतेकर के साथ बालाघाट में पूरे रीति रिवाज के साथ हुई थी। उनकी एक वर्ष की एक बच्ची भी है। शादी के बाद ससुराल वालों ने दहेज में 2 लाख रुपए और गाड़ी की मांग करने लगे। जिसकी पूर्ति न करने पर अक्सर उसके साथ मारपीट होती थी। जिसकी शिकायत थाने में की गई थी और दहेज प्रताडऩा का मामला न्यायालय में चल रहा है। रविवार को जानकारी मिली कि सुनील वारासिवनी के महामाया बौद्ध विहार में खैरलांजी क्षेत्र के कचेखनी निवासी एक युवती से शादी कर रहा है। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद विवाह को रुकवाया गया है। वहीं पुलिस ने बताया कि विवाद की जानकारी मिलने पर दोनों पक्षों को थाने लेकर गई है। जहां मामले में दोनों पक्षों के बयान लेकर प्रकरण की जांच कर रही है।
इस मामले में विवाह संपन्न कराने वाले सामाजिक कार्यकर्ता कैलाश मेश्राम का कहना है कि वे धार्मिक कार्यक्रमों के अलावा विवाह कराने का भी कार्य करते हैं। युवक पहले से शादीशुदा है, इसकी उन्हें जानकारी नहीं थी। वारासिवनी के वारा गांव निवासी एक व्यक्ति के माध्यम से इनका विवाह हो रहा था।
इनका कहना है
वारासिवनी के बौद्ध विहार में विवाद होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। सुनील भौतेकर नामक युवक द्वारा पहले पत्नी के रहते हुए दूसरा विवाह किया जा रहा था। दोनों पक्षों को थाने में लाकर पूछताछ की जा रही है। मामले की अभी जांच जारी है।
-आनंद श्रीवास्तव, एसडीओपी, वारासिवनी
Copyright © 2021 Patrika Group. All Rights Reserved.