बालाघाट

कटंगी स्वास्थ्य केन्द्र अब सिविल अस्पताल में होगा तब्दील

15 दिनों में 2 बार वरिष्ठ अधिकारी कर चुके हैं निरीक्षण

बालाघाटJan 11, 2018 / 07:10 pm

mukesh yadav

बालाघाट. कटंगी शहर के सरकारी अस्पताल को सिविल अस्पताल में तब्दील करने की तैयारी इन दिनों बड़े ही जोर-शोर से चल रही है। बीते 15 दिनों में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ट अधिकारी यहां 2 बार चक्कर लगा चुके है। जानकारी मुताबिक शासन ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कटंगी को उन्नयन करने का निर्णय लिया है। इस कारण अधिकारी यहां व्यवस्थाओं एवं स्थानीय आवश्यकताओं का निरीक्षण कर रहे हैं। गुरूवार को एरिया ऑफिसर एवं स्वास्थ्य उपसंचालक डॉ. शिवशंकर भूषण ने अस्पताल का दौरा किया। उनके साथ में नितिन राज भालेकर एवं निर्माण विभाग इंजिनियर मौजूद थे। उन्होंने चिकित्सा कक्ष, पोषण पुनवार्स केन्द्र, रक्त संग्रहण इकाई, एक्स-रे इकाई का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि सिविल अस्पताल बनने के बाद यहां सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
सरकारी अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे एरिया आफिसर से स्थानीय कर्मचारियों ने अपनी-अपनी समस्याएं बताई। सुरक्षा श्रमिकों ने बताया कि उन्हें 3 माह से भुगतान नहीं मिला है। वहीं रक्त संग्रहण इकाई में पदस्थ कर्मचारी ने बताया कि टीवी एवं अन्य उपकरण बंद पड़े हैं तथा कक्ष में अतिरिक्त सामग्री रखी है। जिससे परेशानी हो रही है। तमाम समस्याएं सुनने के बाद उन्होंने कुछ समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान निकालने की हिदायत दी तथा अन्य समस्याओं पर जिला चिकित्सा अधिकारी से चर्चा करने का भरोसा दिया।
अभी यह है स्थिति
सरकारी अस्पताल वर्तमान में 30 बिस्तरीय है। जो उन्नयन होने के बाद 50 बिस्तरीय हो सकता है। इस अस्पताल का उन्नयन होने से क्षेत्र के निवासियों को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेगी। सामुदायिक केन्द्र का सिविल अस्पताल में उन्नयन होने पर स्थानीय व क्षेत्र से जुड़ी जनता को काफी कम खर्च में अच्छी सुविधाएं व इलाज मिल पाएगा। इसके अलावा मेडिकल विशेषज्ञ, सर्जरी विशेषज्ञ, निश्चेतना विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, रेडियोलॉजिस्ट, पैथालॉजिस्ट, अस्थि रोग, दंत चिकित्सक सहित स्टाफ भी बढ़ेगा, जिसका सीधा लाभ क्षेत्र के लोगों को मिल पाएगा। गौरतलब हो अभी अस्पताल में चिकित्सकों की कमी तथा विशेषज्ञों के पद रिक्त है। इसके अलावा स्टाफ की भी कमी है।
इनका कहना है।
शासन ने सामुदायिक अस्पताल को सिविल अस्पताल में उन्नयन करने पर विचार किया है। इस कारण यहां स्थानीय व्यवस्थाओं एवं जरुरतों का निरीक्षण किया जा रहा है।
डॉ. शिवशंकर भूषण, एरिया ऑफिसर एवं स्वास्थ्य उपसंचालक

Home / Balaghat / कटंगी स्वास्थ्य केन्द्र अब सिविल अस्पताल में होगा तब्दील

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.