बहुमत कांग्रेस का लेकिन एक मत नहीं, भाजपा भी दिखा रही दम
जिला सरकार के लिए फैसला 29 को
27 सदस्यों में से कांग्रेस समर्थित 14 सदस्य पहुंचे हैं जिपं
बालाघाट
Published: July 28, 2022 09:44:00 pm
बालाघाट. जिला सरकार के लिए 29 जुलाई को फैसला हो जाएगा। 27 सदस्यों वाली जिला पंचायत में कांग्रेस के पास बहुमत है। लेकिन विडम्बना यह है कि कांग्रेसी एकजुट नहीं है। कांग्रेस समर्थित 14 सदस्य निर्वाचित होकर जिला पंचायत पहुंचे हैं। इधर, भाजपा समर्थित 6 सदस्य ही निर्वाचित होकर जिला पंचायत पहुंचे हैं। बावजूद इसके भाजपा जिला सरकार बनाने के लिए अपना दम दिखा रही है। भाजपा नेताओं ने जहां निर्दलीय सदस्यों को अपने विश्वास में लिया है। वहीं कांग्रेस समर्थित कुछेक सदस्यों के संपर्क में भी है। जिसके चलते भाजपा जिला पंचायत में अपनी जीत का दावा कर रही है। इधर, जिला सरकार के निर्वाचन के लिए प्रशासनिक रुप से सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है।
जानकारी के अनुसार जिला पंचायत में 14 कांग्रेस समर्थित सदस्य निर्वाचित हुए हैं। जबकि 6 भाजपा समर्थित है। वहीं 6 निर्दलीय और 1 गोंगपा समर्थित सदस्य निर्वाचित होकर जिला पंचायत पहुंचे हैं। इधर, मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला पंचायत बालाघाट के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के निर्वाचन के लिए 29 जुलाई को जिला पंचायत बालाघाट के नवनिर्वाचित सदस्यों के सम्मिलन का आयोजन किया गया है। सम्मिलन की अध्यक्षता सक्षम प्राधिकारी कलेक्टर डॉ गिरीश कुमार मिश्रा करेंगें। यह सम्मिलन जिला पंचायत बालाघाट के सभाकक्ष में 29 जुलाई को सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगा। जिला पंचायत बालाघाट के नवनिर्वाचित सभी 27 सदस्यों को 29 जुलाई के सम्मिलन में उपस्थित होने के लिए सूचना भेज दी गई है।
कांग्रेस से सम्राट सरसवार हो सकते हैं अध्यक्ष के दावेदार
जिला सरकार के लिए कांग्रेस की ओर से सम्राट सरसवार अध्यक्ष पद के दावेदार हो सकते हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 12 कांग्रेस समर्थित सदस्यों ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के सामने सम्राट सरसवार के लिए अपनी हामी भर दी है। जबकि कांग्रेस समर्थित दो सदस्य ऐसे हैं, जिन्होंने कोई संतुष्टिपूर्ण जवाब नहीं दिया है। हालांकि, कांग्रेस को एक निर्दलीय सदस्य का भी खुला समर्थन मिला हुआ है। जिसके चलते कांग्रेस की सरकार बनना लगभग तय माना जा रहा है। इधर, कांग्रेस समर्थित जिन दो सदस्यों ने अपनी स्वीकृति नहीं दी है, उनमें से एक को विधानसभा का प्रत्याशी बनाए जाने का आश्वासन भी दिया गया है। जिसके चलते संभावना व्यक्त की जा रही है कि वह क्रॉस वोटिंग नहीं करेगा।
रुठे कांग्रेसी, निर्दलीयों के भरोसे भाजपा
6 भाजपा समर्थित सदस्यों के भरोसे जिला सरकार में भाजपा अपनी जीत का दावा कर रही है। दरअसल, भाजपा नेता रुठे हुए कांग्रेस समर्थित सदस्य और निर्दलीयों के भरोसे अपने जीत का दावा कर रही है। बताया गया है कि दो निर्दलीय सदस्य भाजपा के बागी हैं। जबकि 4 स्वतंत्र सदस्य हैं। इसके अलावा गोंगपा से एक सदस्य है। इस तरह से भाजपा ने जिला सरकार में अपने जीत का दावा किया है।

बहुमत कांग्रेस का लेकिन एक मत नहीं, भाजपा भी दिखा रही दम
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
