scriptपानी की टंकी में मिलाया कीटनाशक, पानी पीने से 28 बच्चे हुए बीमार | Pesticide mixed in water tank, 28 children fell ill after drink | Patrika News

पानी की टंकी में मिलाया कीटनाशक, पानी पीने से 28 बच्चे हुए बीमार

locationबालाघाटPublished: Aug 18, 2022 09:25:09 pm

Submitted by:

Bhaneshwar sakure

उपचार के बाद तीन बच्चे अस्पताल में भर्ती, शेष स्वस्थ्यलांजी के शासकीय माध्यमिक शाला साडरा का मामला

पानी की टंकी में मिलाया कीटनाशक, पानी पीने से 28 बच्चे हुए बीमार

पानी की टंकी में मिलाया कीटनाशक, पानी पीने से 28 बच्चे हुए बीमार

बालाघाट. जिले के लांजी थाना क्षेत्र के शासकीय माध्यमिक शाला साडरा में पानी की टंकी में अज्ञात व्यक्ति द्वारा कीटनाशक दवा मिला दी गई। जिसके कारण पानी का सेवन करने से 28 बच्चों का स्वास्थ्य खराब हो गया। जिन्हें स्कूल प्रबंधन द्वारा तत्काल ही 108 एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लांजी में भर्ती कराया गया। जहां तीन बच्चों को उपचार के लिए भर्ती किया गया है। शेष बच्चों का स्वास्थ्य सही हो गया है। जिन्हें उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
जानकारी के अनुसार शासकीय माध्यमिक शाला साडरा में कक्षा 6 वीं, 7 वीं, 8वीं में 125 बच्चे अध्ययनरत है। गुरुवार को शाला लगने के बाद स्टील की टंकी में पीने के लिए पानी भरा गया था। दोपहर में 12.30 बजे अल्प समय के लिए हुए अवकाश के दौरान बच्चों ने पानी का सेवन किया था। तब तक स्थिति अच्छी थी। जब दोपहर 1.30 बजे मध्याह्न भोजन का अवकाश हुआ। इस दौरान बच्चों ने पानी का सेवन किया, जिसके बाद बच्चे अस्वस्थ्य होने लगे। कुछेक बच्चों को जब उल्टियां और पेट दर्द होने लगा तब स्कूल प्रबंधन हरकत में आया। स्कूल प्रबंधन द्वारा तत्काल ही पानी को चेक किया गया। जिसमें से बदबू आ रही थी। इसके बाद स्वास्थ्य खराब होने पर 28 बच्चों को 108 एंबुलेंस की सहायता से लांजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर डॉक्टरों द्वारा सभी बच्चों का प्राथमिक उपचार किया गया। जिसमें से तीन बच्चों को पेट दर्द, सिर दर्द की शिकायत होने पर अस्पताल में भर्ती किया गया है। शेष बच्चों को उपचार के बाद छुïट्टी दे दी गई है। इधर, सूचना मिलने पर लांजी एसडीएम, लांजी थाना प्रभारी ने स्कूल पहुंचकर जायजा लिया। स्कूल प्रबंधन से चर्चा की। इसके बाद लंाजी अस्पताल पहुंचकर पीडि़त बच्चों से चर्चा की। वहीं डॉक्टरों से चर्चा कर बच्चों के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।
पानी को भेजा जांच के लिए
लांजी एसडीएम ने बताया कि शाला में बच्चों के उपयोग के बाद शेष बचे पानी को जांच के लिए भेज दिया गया है। जांच होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। हालांकि, मामले की जांच की जा रही है।
घटना के दौरान स्कूल में थी केवल दो शिक्षिकाएं
स्कूल के प्रधानपाठक प्रमोद बसेने के अनुसार गुरुवार को घटना के दौरान वे अवकाश पर थे। स्कूल में केवल दो शिक्षिकाएं लक्ष्मीकांता टांडेकर, पुष्पलता घोरमारे मौजूद थी। जबकि प्रभारी प्रधानपाठक देवानंद पटले ग्राम पंचायत में शासकीय कार्य से गए हुए थे। सूचना मिलने पर उन्होंने तत्काल ही शिक्षक देवानंद पटले से संपर्क किया। बीमार बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराए जाने की बात कही।
इनका कहना है
शाला में 125 बच्चे दर्ज है। पानी का सेवन करने से बच्चों में उल्टियां जैसी शिकायत होने लगी थी। 108 एंबुलेंस की मदद से करीब 25 बच्चों का लांजी के अस्पताल में चेक कराया गया है, जिसमें से तीन बच्चों का उपचार लांजी अस्पताल में चल रहा है। शेष सभी बच्चे स्वस्थ है। पानी में कीटनाशक किसने मिलाया, यह जांच में ही पता चल पाएगा।
-प्रमोद बसेने, प्रधानपाठक, माध्यमिक शाला साडरा
शासकीय माध्यमिक शाला साडरा में दो दर्जन से अधिक बच्चों के बीमार होने की सूचना मिली थी। बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीन बच्चों का ही स्वास्थ्य खराब है, जिनका उपचार चल रहा है। शेष बच्चे स्वस्थ्य है। शेष मामले की जांच की जा रही है।
-एके उपाध्याय, जिला शिक्षा अधिकारी बालाघाट
शासकीय माध्यमिक शाला साडरा के तीन बच्चों को पेटदर्द, सिरदर्द की शिकायत होने पर उन्हें सावधानी के तौर पर लांजी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शाला के सभी बच्चे सुरक्षित हैं। बच्चों का स्वास्थ्य किस कारण से खराब हुआ है, इसकी जांच की जा रही है।
-ज्योति ठाकुर, एसडीएम, लांजी

ट्रेंडिंग वीडियो