scriptहार्डकोर नक्सली के बताए ठिकाने पर पहुंच रही है पुलिस | Police is reaching the whereabouts of Naxalites | Patrika News

हार्डकोर नक्सली के बताए ठिकाने पर पहुंच रही है पुलिस

locationबालाघाटPublished: Jul 12, 2018 05:13:57 pm

Submitted by:

Bhaneshwar sakure

जंगलों में कर रही सर्चिंग, पूछताछ में नक्सली ने बताए अनेक राज

balaghat police

हार्डकोर नक्सली के बताए ठिकाने पर पहुंच रही है पुलिस

बालाघाट. पुलिस द्वारा गिरफ्तार हार्डकोर नक्सली मुन्नालाल वरकड़े और संगम सदस्य इंदल पंद्रे के बताए गए ठिकानों पर पुलिस पहुंच रही है। इतना ही नहीं हार्डकोर नक्सली को पुलिस अलग-अलग ठिकानों में ले जाकर उससे पूछताछ कर रही है। ताकि उससे नक्सलियों की आगामी योजनाएं और पुख्ता सबूत मिल सकें। इधर, नक्सली द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार पुलिस लगातार जंगलों में सर्चिंग कर रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नक्सली मुन्नालाल वरकड़े ने अनेक राज बताए हैं। फिलहाल, पुलिस नक्सली द्वारा बताई गई जानकारियों को सुरक्षा के लिहाज से सार्वजनिक करने में गुरेज बरत रही है।
जानकारी के अनुसार दो राज्यों के इनामी हार्डकोर नक्सली मुन्नालाल वरकड़े और संगम सदस्य इंदल पंद्रे को पुलिस ने जंगल से गिरफ्तार किया है। दोनों को ही पुलिस ने ९ जुलाई को गिरफ्तार किया था। १० जुलाई को इन दोनों को बालाघाट न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें पांच दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया। गिरफ्तार किए गए नक्सली और उसके सहयोगी सहित करीब २० नक्सलियों के खिलाफ लांजी थाने में धारा ३०७, ३५३, १४७, १४८, १४९ ताहि, २५, २७ आम्र्स एक्ट और १३ विधि विरुद्व क्रिया कलाप अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस को यह सफलता उस समय मिली थी, जब नक्सली जंगल में कैम्प कर रहे थे। इस दौरान नक्सली और पुलिस के बीच मुठभेड़ भी हुई। लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। लेकिन एक हार्डकोर नक्सली और एक संगम सदस्य को गिरफ्तार करने में पुलिस ने सफलता हासिल की है। पुलिस ने उनके ठिकानों से भरमार रायफल, कुल्हाड़ी, चाकू, हरे रंग की वर्दी, टार्च, प्रोजेक्टर लाइट, भगोना, नक्सल साहित्य, चमचा, पानी की जरीकेन, कंबल, चादर, थैला, पॉलीथिन, पिट्टू बैग, चप्पल, टूथब्रश, गन पाउडर, एसएसआर राउंड, एके-४७ के राउंड सहित अन्य सामग्री जब्त की थी।
पुलिस को मिल सकती है बड़ी सफलता
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नक्सली मुन्नालाल द्वारा पुलिस को अनेक महत्वपूर्ण जानकारी दी गई है, जिसके चलते पुलिस को बड़ी सफलता मिलने की संभावना बनी हुई है। इधर, हार्डकोर नक्सली के गिरफ्तार होने के बाद से नक्सलियों की फिर पकड़ कमजोर होते जा रही है। इसके पूर्व तीन राज्यों के इनामी नक्सली दिलीप गुहा को गिरफ्तार किया गया था। जिसके बाद से नक्सली शांत हो गए थे। लेकिन एक बार फिर से नक्सलियों ने अपनी पैठ बढ़ाना शुरू कर दिया था। इसी दौरान फिर से एक हार्डकोर नक्सली गिरफ्तार हो गया।
अपराध की जुटाई जा रही जानकारी
पुलिस द्वारा गिरफ्तार हार्डकोर नक्सली के अपराध की जानकारी जुटाई जा रही है। यह नक्सली किन-किन अपराधों में शामिल रहा है, किन-किन थानों में इसके खिलाफ अपराध दर्ज है और नक्सलियों की आगामी भविष्य की क्या योजना है सहित अन्य मसलों की पड़ताल पर पुलिस जुटी हुई है।
इनका कहना है
नक्सली द्वारा बताए गए ठिकानों पर सर्चिंग की जा रही है। पूछताछ में मुन्नालाल ने अनेक जानकारियां दी है। जिसकी तस्दीक की जा रही है। इसके लिए जंगलों में सर्चिंग भी की गई है। एक-दो दिन में बड़ी सफलता हाथ लगने की संभावना है।
-अखिल पटेल, एसडीओपी लांजी व जांच अधिकारी
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो