कहीं तेज आंधी तो कहीं मौसम बदला
जिले में कुछेक स्थानों पर हुई बारिश
उमस भरी गर्मी का हो रहा एहसास
बालाघाट
Published: May 24, 2022 08:27:28 pm
बालाघाट. जिले में लगातार दो दिनों से मौसम परिवर्तित हो रहा है। सोमवार की शाम को जहां धूल भरी आंधी चली। वहीं शहरी क्षेत्र को छोड़कर ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश भी हुई। इधर, मंगलवार की सुबह से ही आसमान में बदली छाई रही। दोपहर करीब 12 बजे तक आंधी-तूफान चलते रही। इस दौरान तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी से राहत भी मिली। लेकिन दोपहर बाद मौसम के साफ होने से लोगों को उमस भरी गर्मी का भी एहसास हुआ। इधर, मौसम में बदलाव के चलते लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जिला मुख्यालय में हल्की हवाएं चलने से आम जनजीवन पर भी असर पड़ा।
जानकारी के अनुसार जिले में मंगलवार की सुबह से लेकर दोपहर तक आसमान में बदली छाई रही। जिसके कारण तापमान में भी गिरावट आई। लोगों को गर्मी से राहत भी मिली। लेकिन दोपहर बाद जैसे ही मौसम साफ होने लगा, वैसे-वैसे उमस भरी गर्मी का एहसास होने लगा। इधर, सोमवार को जिले के ग्रामीण अंचलों में बारिश होने से लोगों ने गर्मी से राहत की सांस ली। लेकिन सुबह होते ही उन्हें उमस भरी गर्मी का एहसास होने लगा।
आज से शुरू होगा नौ तपा
इस वर्ष 25 मई से नौ तपा शुरू होगा जो 3 जून तक चलेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस वर्ष नौ तपा ज्यादा नहीं तपने वाला है। दरअसल, मानसून के दस्तक देने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हो सकती है। हालांकि, जिले में इसके पूर्व ही नौतपा जैसी गर्मी का एहसास हो चुका है। अप्रैल माह के दूसरे पखवाड़े और मई माह के पहले पखवाड़ा में ही पारा करीब 42 के पार पहुंच गया था। जिसके कारण सुबह से ही लू के गर्म थपेड़े लगना प्रारंभ हो गए थे। दोपहर में सड़कें सूनी हो रही थी। लोग आवश्यक कार्यों के चलते ही दोपहर के वक्त में घरों से बाहर निकल रहे थे। यह स्थिति नौतपा में भी हो सकती है।
28 तक बारिश की संभावना
भारत मौसम विज्ञान विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल से कृषि विज्ञान केंद्र बडग़ाव बालाघाट को प्राप्त 5 दिवसीय मध्यम श्रेणी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जिले 25 से 28 मई तक हल्की वर्षा, मध्यम बादल रहने की संभावना है। शेष दिन शुष्क रहेंगे। अधिकतम तापमान 33 से 37 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 14 से 19 डिग्री सेल्सियस, सुबह हवा में 40 से 48 प्रतिशत, दोपहर में 16 से 21 प्रतिशत नमी रहने की संभावना है। आने वाले दिनो में हवा कि गति लगभग 7.9 से 14.7 किलोमीटर प्रति घंटे दक्षिण पश्चिम से उत्तर पश्चिम दिशा रहने की संभावना है। उपरोक्त जानकारी जिला कृषि मौसम इकाई ग्रामीण कृषि मौसम सेवा राणा हनुमानसिंह कृषि विज्ञान केन्द्र बडग़ांव ने दी है।

कहीं तेज आंधी तो कहीं मौसम बदला
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
