खैरलांजी में रानी अवंती बाई की प्रतिमा का किया अनावरण
बालाघाटPublished: Sep 22, 2022 09:24:56 pm
सभी समाज को जोड़कर रखने वाला है लोधी समाज-कमलनाथ


खैरलांजी में रानी अवंती बाई की प्रतिमा का किया अनावरण
बालाघाट. प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कमलनाथ ने गुरुवार को वारासिवनी विधानसभा क्षेत्र के खैरलांजी मुख्यालय में गुरुवार को वीरांगना रानी अवंती बाई की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए पीसीसी अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 1857 में रानी अवंती बाई ने संघर्ष किया था, लड़ाई लड़ी थी। अब समय आ गया है मप्र के भविष्य के लिए लड़ाई लडऩा है। प्रदेश की तस्वीर आपके सामने है। खाद हो या रबी की धान या फिर कृषि क्षेत्र में न्याय की बात, इसके लिए आपको लड़ाई लडऩा है। एक नया संघर्ष करना है। रानी अवंती बाई से के संघर्षों से प्रेरणा लेकर संघर्ष करना है।
उन्होंने कहा कि लोधी समाज जोडऩे वाला समाज है, जो सभी समाज को जोड़कर रखता है। लोधी समाज में जागरुकता है। उम्मीद है पूरा समाज एक होकर अच्छे लोगों को नेतृत्व प्रदान करेगा। मप्र के भविष्य को उज्जवल बनाने के लिए आगे आएंगे। पीसीसी अध्यक्ष ने कहा कि आज नौजवान बेरोजगार है, किसानों को न्याय नहीं मिल रहा है। खाद, धान के लिए न्याय की लड़ाई लडऩा है। तस्वीर सबके सामने है। कांग्रेस, कमल का साथ मत देना, लेकिन सच्चाई का साथ जरूर देना। इसके लिए रानी अवंती बाई से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। प्रदेश सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि ये झूठ, कलाकारी की सरकार है। 18 वर्ष से जो भ्रष्टाचार की व्यवस्था बनाई है, उससे सभी परेशान है। देश में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार, आत्महत्या, कमजोर वर्ग के उपर अत्याचार के मामले में प्रदेश देश में अव्वल है। उन्होंने कहा कि चुनाव के लिए 12 माह बचे हैं। ये 12 माह नौजवानों, किसानों का फैसला करेगा। इस दौरान उन्होंने 15 माह के कार्यकाल की उपलब्धियां भी गिनाई।