आत्मसमर्पित नक्सलियों का नक्सल नियंत्रण में लिया जाएगा सहयोग
स्थानीय युवाओं की हॉक फोर्स में भर्ती आवश्यक-सीएम
सीएम ने सपरिवार किया कान्हा नेशनल पार्क का भ्रमण
सारंगपुर तालाब क्षेत्र में हुए बाघ के दीदार
बालाघाट
Published: June 11, 2022 09:29:13 pm
बालाघाट. हॉक फोर्स में स्थानीय युवाओं की भर्ती आवश्यक है। इसकी प्रक्रिया से संबंधित निर्देश भी पूर्व में दिए जा चुके हैं। आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों का नक्सल नियंत्रण अभियान में सहयोग लिए जाने की योजना पर अमल हो रहा है। हॉक फोर्स के जवान जिन स्थानों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं, वहां न्यूनतम जरूरतों और सुरक्षा के प्रबंध आवश्यक हैं। इस संबंध में कोई कोर कसर या संसाधनों की कमी नहीं रहना चाहिए। यह बातें सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कही। वे कान्हा नेशनल पार्क क्षेत्र के मुक्की में शनिवार को नक्सल उन्मूलन अभियान की समीक्षा कर रहे थे। बालाघाट प्रवास के दौरान शनिवार को सीएम शिवराज सिंह चौहान ने मुक्की में जहां पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक ली। वहीं कान्हा नेशनल पार्क का भ्रमण भी किया। मुक्की में ही पौधरोपण किया। आजीविका मिशन से जुड़े स्व सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा की। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने सीएम से अपनी समस्याएं भी बताई।
बैठक के दौरान नक्सल उन्मूलन अभियान की समीक्षा की। नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सेवाएं दे रहे हॉक फोर्स के जवानों से मुलाकात और चर्चा की। कठिन परिस्थितियों में सेवाएं देने के लिए जवानों का हौंसला बढ़ाया। उन्होंने हॉक फोर्स के जवानों से उनकी समस्याओं की जानकारी भी ली। अधिकारियों से कहा कि वे शासन की जनकल्याण योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करें। जिससे लोग नक्सलियों से न जुड़े और प्रशासन में उनका विश्वास बढ़े। सामूहिक वन प्रबंधन का भी प्रभावी क्रियान्वयन होना चाहिए। सीएम ने जवानों से कहा कि आपकी सेवाएं सिर्फ नौकरी नहीं बल्कि एक मिशन है, जो देश को बचाने से संबंधित एक महत्वपूर्ण दायित्व है। आप बड़े मिशन के लिए कार्य कर रहे हैं। आपका पराक्रम और समर्पण सराहनीय है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में किसी भी स्थान पर हिंसा पर आधारित विचारधारा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लोकतंत्र में इसका कोई स्थान नहीं है। बैठक में बालाघाट जोन के पुलिस महानिरीक्षक संजय कुमार सिंह, कलेक्टर बालाघाट डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ , हॉक फोर्स के कमांडेंट आदित्य सिंह और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
मुक्की जोन का किया भ्रमण
सीएम ने शनिवार को सपरिवार सुबह के वक्त सफारी में मुक्की जोन का भ्रमण किए। भ्रमण के दौरान सारंगपुर तालाब क्षेत्र में बाघ के दीदार हुए। इस दौरान सीएम ने कर्मचारियों व अधिकारियों से प्रबंधन और उनकी सेवा संबंधी जरूरत पर चर्चा की। एसके सिंह क्षेत्र संचालक द्वारा कान्हा से पर्यटन क्षेत्र में रोजगार की उपलब्धता के साथ प्रबंधन के माध्यम से स्थानीय जनता को रोजगार उपलब्धता की जानकारी दी गई। प्रबंधन की कठिनाइयों व कर्मचारियों के विशेष वेतन के प्रावधान का अनुरोध किया गया। वामपंथी आंदोलन के कान्हा क्षेत्र में फैलाव पर मुख्यमंत्री द्वारा शीघ्रता से प्रभावी कदम उठाने के संकेत दिए गए।
मुक्की गेट पर रोपे फलदार पौधे
मुख्यमंत्री ने आज मुक्की गेट परिसर में अपने परिवार के साथ आम, आंवला, जामुन, अमरुद के पौधों का रोपण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पेड़ केवल हमें जीवन ही नहीं देते बल्कि वर्षा जल को अवशोषित कर वर्षा के रूप में जल भी प्रदान करते हैं। वृक्ष चिडिय़ों को आश्रय देते हैं।उन्होंने सभी से आव्हान किया कि हर व्यक्ति पौधरोपण करें।
स्व सहायता समूह की महिलाओं से की चर्चा
सीएम ने शनिवार को ही मुक्की गेट पर आजीविका मिशन से जुड़े स्व सहायता समूह की महिलाओं से बात की। महिलाओं ने बताया कि उनके समूह द्वारा बैगा हाट का संचालन किया जा रहा है लेकिन इसमें हर दिन बैगा डांस नहीं हो रहा है। जिसके कारण उन्हें पर्याप्त आय नहीं हो रही है। अत: बैगा हाट में हर दिन बैगा डांस प्रारंभ कराया जाए, जिससे उन्हें आमदनी हो सके। इस दौरान मुख्यमंत्री ने महिलाओं को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं पर ध्यान दिया जाएगा और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रयास किया जाएगा। इसी दौरान मुक्की निवासी जुगन बाई तेकाम ने मुख्यमंत्री को अपनी समस्या बताते हुए कहा कि उसके पति सुखमन सिंह तेकाम कान्हा पार्क में स्थाई कर्मी के रूप में कार्यरत थे। उनकी करोना काल में मृत्यु हो गई है। लेकिन उसे अब तक नियुक्ति नहीं मिली है। पीडि़ता ने नियुक्ति प्रदान किए जाने की मांग की है।

आत्मसमर्पित नक्सलियों का नक्सल नियंत्रण में लिया जाएगा सहयोग
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
