तापमान में आई गिरावट, गर्मी से लोगों को मिली राहत
जिले में कुछेक स्थानों पर हुई बारिश
कहीं तेज आंधी तो कहीं मौसम में हुआ बदलाव
बालाघाट
Published: May 12, 2022 10:18:37 pm
बालाघाट. गुरुवार को दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली। जिले के अलग-अलग स्थानों पर कहीं तेज आंधी चली तो कहीं बारिश भी हुई। जिला मुख्यालय में दोपहर तीन बजे के बाद से आसमान में बदली छाई रही। जो देर शाम तक बनी रही। शाम ढलते-ढलते हल्की बूंदा-बांदी भी हुई है। जिसके कारण तापमान में गिरावट आई। तापमान में कमी के चलते लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। इधर, मौसम में अचानक बदलाव के चलते लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जिला मुख्यालय में तेज आंधी-तूफान चलने से आम जनजीवन पर खासा असर पड़ा। मौसम में बदलावा का असर बालाघाट मुख्यालय के अलावा वारासिवनी, लालबर्रा, समनापुर, लामता सहित जिले के अन्य क्षेत्रों में भी रहा। दोपहर करीब सवा तीन बजे से मौसम ने अपना रुख बदला। कुछ समय में ही काफी तेज हवाएं चलने लगी। इस दौरान कुछ समय के लिए बिजली भी गुल हुई।
जानकारी के अनुसार गुरुवार की दोपहर करीब ३ बजे के बाद से जिले में तेज आंधी-तूफान का दौर शुरू हुआ, जो कि करीब एक घंटे तक चलते रहा। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक किसी भी प्रकार की जनहानि होने की कोई सूचना नहीं मिली। इधर, आंधी-तूफान के बाद कुछेक स्थानों पर तेज बारिश तो कहीं रिमझिम बारिश होते रही। जिला मुख्यालय में देर शाम तक बूंदाबांदी होते रही। बारिश होने के कारण लोगों को परेशान होना भी पड़ा। बारिश होने से एक ओर जहां लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। वहीं बाद में उमस भरी गर्मी का एहसास भी हुआ। उल्लेखनीय है कि मौजूदा समय में जिले में तापमान अधिक होने से लोगों को अभी से भीषण गर्मी का एहसास हो रहा है। लेकिन गुरुवार को मौसम में हुए बदलाव से जहां तापमान में गिरावट आई है। वहीं गर्मी से राहत भी मिली है।

तापमान में आई गिरावट, गर्मी से लोगों को मिली राहत
पत्रिका डेली न्यूज़लेटर
अपने इनबॉक्स में दिन की सबसे महत्वपूर्ण समाचार / पोस्ट प्राप्त करें
अगली खबर
